बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव बुधवार को मुजफ्फरपुर पहुंचे। यहां उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार में पुलिस पूरी तरह फेल हो चुकी है और सरकार का इकबाल खत्म हो गया है।
तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बिहार में लगातार अपराध की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। पुलिस का काम अपराधियों पर कार्रवाई करना है, लेकिन पिछले दिनों यहां गायघाट के चोरनिया गांव में हुई एक निर्दोष व्यक्ति की हत्या की घटना में आरोप वहां के थानाध्यक्ष पर ही लगा है।
उन्होंने कहा कि सुना तो यहां तक जा रहा है कि थानाध्यक्ष ने शराब के नशे में निर्दोष को गोली मार दी। उन्होंने आगे कहा कि पुलिस पर अब सरकार का कोई कंट्रोल नहीं है। अराजकता के दौर से बिहार गुजर रहा है। हर दिन गोलियां चल रही हैं। अपराधी जहां चाह रहे हैं, घटना को अंजाम दे रहे हैं।





