22 से ज्यादा राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, जानें यूपी-बिहार, दिल्ली और MP समेत देशभर का हाल


दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से अगले कुछ दिनों में देश के कई राज्यों में आंधी-बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है, जिससे मौसम में बदलाव होगा।

फोटो: AI Generated

i

user

देशभर में मौसम करवट ले रहा है। भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटे में दो पश्चिमी विक्षोभ एक साथ सक्रिय होंगे, जिसके कारण उत्तर-पश्चिम, पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर शुरू हो सकता है। इस दौरान करीब 22 से 28 राज्यों में आंधी-बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी।

उत्तर-पश्चिम भारत में 26 मार्च से असर

मौसम विभाग के मुताबिक, 26 मार्च से उत्तर-पश्चिम भारत में इन विक्षोभों का असर साफ दिखेगा। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं 26 से 30 मार्च के बीच पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में भी बारिश का दौर

पूर्वोत्तर राज्यों में भी मौसम सक्रिय रहने के संकेत हैं। IMD के अनुसार, 24, 27 और 28 मार्च को अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश हो सकती है, जबकि नागालैंड में 28 मार्च को तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा 25 से 29 मार्च के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में झमाझम बारिश के आसार हैं। बिहार, ओडिशा और झारखंड में 26 से 29 मार्च के बीच गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

मध्य और पश्चिम भारत में भी असर

विदर्भ, छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में 26 से 28 मार्च के दौरान हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में अगले 24 घंटे में छिटपुट बारिश और गरज-चमक की संभावना है। राजस्थान में 28 से 30 मार्च के बीच छिटपुट से मध्यम बारिश, बिजली और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली-यूपी में बदलता मौसम, संतुलित तापमान

राजधानी दिल्ली में मंगलवार को तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 25 मार्च को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है और तापमान 32 से 34 डिग्री तक जा सकता है। वहीं 26-27 मार्च को हल्की बारिश या बूंदाबांदी के संकेत हैं, हालांकि तापमान 33-35 डिग्री के बीच रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल न ज्यादा गर्मी है और न ही पूरी तरह ठंड खत्म हुई है, जिससे मौसम संतुलित बना हुआ है।

उत्तर प्रदेश में 28 मार्च तक आंधी-बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की हवाओं का अलर्ट है, जबकि बिहार में 27-28 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।  




Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

spot_imgspot_img