प्रकृति ने हमें उपहार स्वरूप ऐसी कई सब्जियां प्रदान की हैं, जो अपने औषधीय गुणों के कारण सेहत का खजाना भी मानी जाती हैं। इन्हीं में से एक है लौकी, जो विटामिन, खनिजों और प्रचुर जल मात्रा से भरपूर है। आमतौर पर कई लोग लौकी को साधारण और कम जायकेदार मानकर पसंद नहीं करते, लेकिन अभिनेत्री समीरा रेड्डी ने इसे एक अनूठा ‘ट्विस्ट’ दिया है। दरअसल, अभिनेत्री ने साधारण सी दिखने वाली लौकी से ‘चॉकलेटी ब्राउनी’ तैयार कर सबको हैरान कर दिया है।
उन्होंने शनिवार को इंस्टाग्राम पर ब्राउनी की रेसिपी बताई। यह न सिर्फ स्वादिष्ट है, बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद है। वीडियो में समीरा कहती हैं, “सभी ने पनीर या शकरकंद की ब्राउनी तो जरूर खाई है, लेकिन लौकी की ब्राउनी ट्राई की है?”
अभिनेत्री ने बताया कि यह ब्राउनी रिच, चॉकलेटी और पौष्टिक होती है। लौकी में फाइबर, पानी की भरपूर मात्रा, विटामिन्स और कम कैलोरी होती है, जो वजन नियंत्रण, पाचन सुधार और ब्लड शुगर स्थिर रखने में मदद करती है। ब्राउनी में गुड़ और पीनट बटर जैसी हेल्दी सामग्री जोड़कर इसे और भी गट-फ्रेंडली बनाया जा सकता है।





