Delhi-NCR Rain News: उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक मौसम ने अचानक बेहद खतरनाक करवट ली है. एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और प्री-मानसून के कारण कई हिस्सों में आंधी, झमाझम बारिश और ओलावृष्टि का दौर देखने को मिल रहा है. दिल्ली-एनसीआर में लगातार तीन दिनों से जारी की वजह से बारिश से पारा 10 डिग्री तक लुढ़क गया है. राजस्थान, कर्नाटक और केरल में गिरे ओलों ने किसानों को काफी प्रभावित किया है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पूरे देश में आंधी-तूफान चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने बताया कि बिहार, झारखंड, बंगाल और ओडिशा में तेज आंधी-तूफान के साथ गरज-चमक और बिजली का अलर्ट जारी किया है.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश ने मौसम को पूरी तरह पलट दिया है. जो तापमान 35-36 डिग्री तक पहुंच गया था, वह ठंडी हवाओं के कारण गिरकर 25-26 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है. मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए नरेला, बवाना, बुराड़ी और रोहिणी सहित कई इलाकों में अगले दो घंटों में हल्की बूंदाबांदी की चेतावनी दी है. वहीं, हरियाणा के यमुनानगर, पानीपत, सोनीपत और खरखौदा में हल्की बारिश और कुरुक्षेत्र व करनाल में ड्रिज़ल की संभावना है. हल्की बारिश के चलते सड़कें फिसलन भरी हो सकती हैं और ट्रैफिक प्रभावित होने की चेतावनी दी गई है. लोगों को मार्च में फरवरी जैसी ठंड का अहसास हो रहा है.
दिल्ली में पिछले तीन दिनों से बारिश हो रही है.
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड
पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन (Cyclonic Circulation) बना हुआ है. इसकी वजह से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम डराने वाला हो गया है. पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, शामली, बागपत और मुरादाबाद में बारिश का दौर जारी है. इसके अलावा हापुड़, बुलंदशहर और बरेली में भी बूंदाबांदी हो रही है. यूपी और उत्तराखंड के कई हिस्सों में छिटपुट ओलावृष्टि (Hailstorm) की चेतावनी जारी की गई है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में छिटपुट भारी वर्षा और तेज हवाएं चलने के आसार हैं.
पहाड़ों पर बुरा हाल
मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी हिमालय में भी लगातार मौसम खराब होने की संभावना है. पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है. पहाड़ों पर भारी बर्फबारी की वजह से आम-जनजीवन काफी प्रभावित हुआ है. जम्मू-कश्मीर में भी बे-मौसम बर्फबारी की वजह से लोग काफी खुश थे. लेकिन, भारी बर्फबारी की वजह से लद्दाख-श्रीनगर नेशनल हाईवे को बंद करना पड़ गया था. हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में बारिश का कहर जारी है. कई जगह लैंडस्लाइड की खबरें आ रही हैं. बताया जा रहा है कि कुल्लू के भुतंर वैली ब्रिज के पास पेट्रोल पंप पर लैंडस्लाइड की वजह से अफरा-तफरी का माहौल बन गया था. हालांकि, किसी तरह का जान-माल की नुकसान की खबर नहीं है.
राजस्थान में ओले गिरे
राजस्थान में कुदरत का भयानक रूप देखने को मिल रहा है. लगातार तीसरे दिन बारिश और ओलावृष्टि जारी है. शुक्रवार सुबह राजधानी जयपुर में हुई तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ. सबसे ज्यादा त्रासदी टोंक जिले में हुई है, जहां सोप उप-तहसील में करीब 10 मिनट तक भारी ओलावृष्टि हुई. इससे खेतों में खड़ी रबी और मूंग की फसल पूरी तरह तबाह हो गई है. करौली में भी घने बादल छाए हुए हैं और तेज हवाओं के साथ बादल गरज रहे हैं. (रिपोर्ट- भवानी)
बारिश की वजह से पारा 10 डिग्री तक नीचे चला गया है.
बिहार झारखंड में आंधी-तूफान के साथ बारिश
बिहार, झारखंड, बंगाल और ओडिशा में तूफान: मार्च में अब तक सूखे की मार झेल रहे पूर्वी राज्यों बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में मौसम पलट गया है. बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण यहां बड़े पैमाने पर प्री-मानसून गतिविधियां शुरू हो गई हैं. 20 और 21 मार्च को इन राज्यों में तेज हवाओं (Gusty winds) के साथ भारी बारिश और आंधी-तूफान की आशंका है. छत्तीसगढ़, विदर्भ, बिहार, झारखंड, ओडिशा और सिक्किम में 20-21 मार्च को ओले गिरने और बिजली गिरने की सख्त चेतावनी दी गई है. मौसम विभाग लोगों को सुरक्षित रहने की चेतावनी जारी की है.
साउथ इंडिया में भी भारी बारिश
प्रायद्वीप (South Peninsula) में भी मौसम ने अपना रौद्र रूप दिखाया है. अमूमन इस समय भीषण गर्मी का सामना करने वाले कर्नाटक और केरल में अचानक मौसम के मिजाज में भारी बदलाव आया है. दोनों राज्यों के कई हिस्सों में तेज गरज-चमक के साथ भारी ओलावृष्टि (Hailstorm) की घटनाएं सामने आई हैं. बेमौसम की इस भारी बारिश और तूफानी हवाओं ने न सिर्फ आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त किया है, बल्कि बागानों और खेतों में लगी फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचाया है. हालांकि, अगले 24 घंटों के बाद दक्षिण प्रायद्वीप में इस तीव्र मौसमी गतिविधि में कमी आने की संभावना है.





