घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को जोरदार तेजी लौटी और बीएसई सेंसेक्स 1,502 अंक उछल गया, जबकि एनएसई निफ्टी 470 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ। विदेशी निवेशकों की लिवाली, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और प्रमुख बैंक शेयरों में खरीदारी से बाजार में तेजी रही।
बीएसई कै 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,502.29 अंक यानी 1.82 प्रतिशत चढ़कर 83,938.28 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 2,062.22 अंक यानी 2.50 प्रतिशत उछलकर 84,498.21 अंक पर पहुंच गया था।
एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 469.60 अंक यानी 1.85 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,819.25 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 602 अंक यानी 2.37 प्रतिशत चढ़कर 25,951.65 अंक तक पहुंच गया था।
सेंसेक्स की कंपनियों में हिंदुस्तान यूनिलीवर का शेयर सबसे अधिक 5.94 प्रतिशत चढ़ा। ट्रेंट में 3.59 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक में 3.44 प्रतिशत, इंटरग्लोब एविएशन में 3.24 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक में 3.18 प्रतिशत और बजाज फाइनेंस में 3.04 प्रतिशत की तेजी रही।हालांकि, टाटा स्टील, भारती एयरटेल और टाइटन के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 0.19 प्रतिशत गिरकर 91.38 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 5,672.99 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। मंगलवार को गुरु नानक जयंती पर शेयर बाजार बंद रहे थे।
रेलिगेयर ब्रोकिंग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजीत मिश्रा ने कहा, “सोमवार की बिकवाली के बाद बुधवार को बाजार में जोरदार वापसी हुई और प्रमुख सूचकांक करीब दो प्रतिशत चढ़े। हालांकि, सोमवार के उच्च स्तर के आसपास मुनाफावसूली से तेजी कुछ सीमित हो गई।”
उन्होंने कहा कि विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और रुपये में मजबूती से बाजार को समर्थन मिला।
इस बीच, रुपया बुधवार को 69 पैसे मजबूत होकर 92.16 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ। यह इस साल का रुपये का अब तक का उच्चतम स्तर है।




