पलामू: ठंड का मौसम आते ही लोग किसी शांत, खूबसूरत और प्रकृति से भरपूर जगह पर घूमने की योजना बनाने लगते हैं. ऐसे में झारखंड के पलामू जिले का मलय डैम सैर-सपाटे के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं है. सतबरवा प्रखंड में स्थित यह डैम सात पहाड़ों की गोद में बसा एक खूबसूरत पर्यटन स्थल है. यहां की खुली वादियां, चारों ओर फैली हरियाली और शांत झील पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती हैं. ठंडी हवाओं के बीच झील का मनमोहक नजारा लोगों को सुकून का एहसास कराता है. अगर आप भी शहर की भागदौड़ से दूर कुछ पल प्रकृति के बीच बिताना चाहते हैं, तो मलय डैम आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है.
एक किलोमीटर तक उठाएं नौका विहार का आनंद
बता दें कि मलय डैम की सबसे बड़ी खासियत यहां की शांत झील और नौका विहार की सुविधा है. यहां पर्यटक पैडल बोट और मोटर बोट के जरिए पानी के सैर का आनंद ले सकते हैं. करीब एक किलोमीटर तक नौका विहार कराया जाता है. इस दौरान पर्यटक झील के खूबसूरत नजारे, पहाड़ों और प्राकृतिक वातावरण का लुत्फ उठाते हैं. मोटर बोट से लगभग 15 मिनट, जबकि पैडल बोट से करीब आधे घंटे में सैर पूरी होती है. पर्यटकों को झील के बीच स्थित टापू तक भी ले जाया जाता है, जहां लोग फोटोग्राफी करने और प्राकृतिक सुंदरता को करीब से देखने का आनंद लेते हैं.
50 रुपये से शुरू होता है बोटिंग का किराया
मलय डैम में नौका विहार का किराया भी पर्यटकों के बजट के अनुकूल रखा गया है. यहां पैडल बोट से सैर करने के लिए प्रति व्यक्ति 50 रुपये देने होते हैं. जबकि मोटर बोट का किराया प्रति व्यक्ति 100 रुपये है. मोटर बोट की बुकिंग समूह के हिसाब से भी की जा सकती है. संचालक के अनुसार, यहां पांच, छह और आठ लोगों की क्षमता वाली नावों की सुविधा उपलब्ध है. पर्यटक अपनी सुविधा और पसंद के अनुसार बोटिंग का विकल्प चुन सकते हैं. जिसे अपने अनुसार बुक भी कर सकते है.
लाइफ जैकेट के बिना नहीं मिलती अनुमति
इसके संचालक सुनील सिंह ने कहा कि मलय डैम में नौका विहार के दौरान पर्यटकों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाता है. संचालक सुनील कुमार सिंह के अनुसार, पिछले दो से 3 वर्षों से यहां नौका विहार की व्यवस्था संचालित की जा रही है. सभी पर्यटकों को लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य है. इसके अलावा जेटी के पास लाइफगार्ड और पानी में बचाव के लिए लाइफ बॉय जैसे सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रखे जाते हैं. लाइफ बॉय पानी में तैरने वाला एक सुरक्षा उपकरण है, जिसे आपात स्थिति में पकड़कर मदद ली जा सकती है. बिना लाइफ जैकेट किसी भी पर्यटक को नौका विहार की अनुमति नहीं दी जाती है.
दोस्तों के साथ घूमने की है बेहतरीन जगह
बता दें कि मलय डैम सिर्फ नौका विहार का केंद्र नहीं, बल्कि प्रकृति के बीच सुकून के पल बिताने की भी शानदार जगह है. ठंड के मौसम में यहां परिवार, दोस्तों और बच्चों के साथ घूमने का अलग ही आनंद है. शांत झील, पहाड़ों का खूबसूरत नजारा और पानी पर चलती नावें इस जगह को खास बनाती हैं. अगर आप इस सर्दी में पलामू के आसपास किसी खूबसूरत पर्यटन स्थल पर जाने की सोच रहे हैं, तो मलय डैम की सैर आपकी यात्रा को यादगार बना सकती है.




