15 महीनों से अमेरिकी बॉर्डर पर कोई रिहाई नहीं: ट्रंप प्रशासन
सीमा पर सख्त सुरक्षा उपायों और सीमा पार करने की घटनाओं में आई ऐतिहासिक गिरावट की वजह से अमेरिका की दक्षिणी सीमा पर अवैध रूप से प्रवेश करने वाले प्रवासियों को रिहा किए जाने का सिलसिला लगातार 15वें महीने भी शून्य रहा। ट्रंप प्रशासन ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (डीएचएस) और अमेरिकी कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन ने बताया कि जुलाई में बॉर्डर पेट्रोल एजेंटों ने दक्षिण-पश्चिम सीमा पर 9,295 लोगों को पकड़ा। यह संख्या जून की तुलना में 6 प्रतिशत कम थी।
एजेंसियों ने बताया कि पूरे देश में बॉर्डर पेट्रोल द्वारा पकड़े गए लोगों की संख्या पिछले महीने की तुलना में 1 प्रतिशत घटकर 11,298 हो गई।
डीएचएस सेक्रेटरी मार्कवेन मुलिन ने कहा, “इस महीने भी नतीजे साफ हैं। राष्ट्रपति ट्रंप का बॉर्डर सिक्योरिटी एजेंडा व्यवस्था बहाल कर रहा है और अमेरिकी लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दे रहा है।”
उन्होंने कहा, “डीएचएस हमारे इमिग्रेशन कानूनों को लागू करने, सीमा को सुरक्षित करने और यह सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है कि जो लोग हमारे देश में अवैध रूप से प्रवेश करते हैं, उन्हें तुरंत वापस भेजा जाए।”
ट्रंप प्रशासन ने बताया कि जुलाई में दक्षिण-पश्चिमी सीमा पर पकड़े गए लोगों की संख्या बाइडेन प्रशासन के दौरान दर्ज किए गए मासिक औसत से 94 प्रतिशत कम थी। यह संख्या दिसंबर 2023 के सबसे ज्यादा स्तर से 96 प्रतिशत कम थी और जुलाई 2024 के छह दिनों में दर्ज की गई संख्या से भी कम थी।
जारी बयान के अनुसार, मौजूदा वित्त वर्ष में जुलाई तक दक्षिण-पश्चिमी सीमा पर पकड़े गए लोगों की कुल संख्या 1992 से 2024 के वित्त वर्षों के दौरान किसी एक महीने के औसत से भी कम थी।
अमेरिकी कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन (सीबीपी) कमिश्नर रॉडनी एस. स्कॉट ने कहा, “साफ नीति, सख्त कार्रवाई और समर्पित फ्रंटलाइन कर्मचारी हमारी सीमाओं पर अच्छे नतीजे दे रहे हैं।”
स्कॉट ने कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप और सेक्रेटरी मुलिन के सहयोग से सीबीपी हमारे देश को अवैध रूप से सीमा पार करने वालों, खतरनाक लोगों और गैर-कानूनी ड्रग्स से सुरक्षित रख रहा है, साथ ही वैध व्यापार और यात्रा को भी जारी रखे हुए है। ये नतीजे दिखाते हैं कि जब सीमा सुरक्षा को राष्ट्रीय प्राथमिकता माना जाता है, तो क्या कुछ हासिल किया जा सकता है।”




