Donald Trump Tariff: अमेरिका और कनाडा के बीच फिर तल्खी बढ़ गई है. अमेरिका ने अब ऐसा फैसला लिया है, जिससे दोनों के बीच टैरिफ युद्ध शुरू हो जाएगा. जी हां, अमेरिका ने एक बार फिर कनाडा पर टैरिफ बम फोड़ा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कनाडा के अधिकांश सामानों पर 50% का भारी टैरिफ लागू कर दिया गया है. यह कदम ऑटोमोबाइल, शराब और डेयरी उत्पादों में भेदभावपूर्ण व्यापार का हवाला देते हुए उठाया गया है. ये टैरिफ 30 दिनों के भीतर लागू हो जाएंगे. इससे अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापारिक तनाव काफी बढ़ जाएगा.
दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा से आयात होने वाले कई तरह के सामान पर 50 फीसदी टैरिफ लगाने के आदेश पर साइन किए हैं. यह कदम अमेरिकी कारों, डेयरी और शराब के साथ कनाडा द्वारा किए जा रहे ‘असमान व्यवहार’ यानी भेदभावपूर्ण कारोबार के जवाब में उठाया गया है. ये शुल्क 19 अगस्त से लागू होंगे.
अब सवाल है कि आखिर ट्रंप ने यह टैरिफ बम क्यों फोड़ा है? तो इसका जवाब खुद वाइट हाउस ने दिया है. वाइट हाउस ने टैरिफ वाले आदेश में साफ कहा है कि कनाडा अमेरिकी कारों, डेयरी और शराब वाले प्रोडक्ट पर असमान व्यवहार करता है. इसलिए वाइट हाउस ने कहा कि अमेरिकी कारोबारों की सुरक्षा के लिए ये टैरिफ जरूरी थे. जिन सामानों पर ये शुल्क लगाए गए हैं, उनमें वाइन और हॉकी स्टिक जैसी रोजमर्रा की चीज़ों से लेकर कमर्शियल सीमेंट जैसे औद्योगिक सामान तक शामिल हैं. हालांकि, ऊर्जा, पोटाश, जरूरी खनिजों और मछली जैसे कई अहम एक्सपोर्ट को इससे बाहर रखा जाएगा.
पहले से ही कनाडा झेल रहा टैक्स की मार
बीबीसी के मुताबिक, ये नए टैरिफ उन सभी सामानों पर लागू होंगे, चाहे वे कनाडा, अमेरिका और मैक्सिको के बीच मौजूदा फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (USMCA) के तहत आते हों या नहीं. यहां बताना जरूरी है कि अमेरिका पहले से ही कनाडा के स्टील, एल्युमीनियम और तांबे पर 15% से 50 फीसदी तक टैरिफ लगा रहा है. इतना ही नहीं, कनाडा की सॉफ्टवुड लकड़ी पर 35 फीसदी और कारों में इस्तेमाल होने वाले गैर-अमेरिकी पुर्जों पर अमेरिका 25% टैक्स भी लगाता है.
कनाडा किस पर लगाता है टैरिफ
हालांकि, कनाडा भी अमेरिकी स्टील, एल्युमीनियम और गाड़ियों के कुछ खास आयात पर 25% का जवाबी टैरिफ लगाता है. सोमवार को लगाए गए ये शुल्क राष्ट्रपति ट्रंप की उस धमकी के बाद आए हैं, जिसमें उन्होंने कनाडा के जंगलों में लगी आग का धुआं अमेरिकी शहरों तक पहुंचने पर टैरिफ लगाने की बात कही थी. लेकिन सोमवार को ट्रंप द्वारा साइन किए गए एग्जीक्यूटिव ऑर्डर में जंगल की आग का कोई जिक्र नहीं है.
ट्रंप ने क्यों लगाया टैरिफ
आदेश में उन तीन घोषणाओं में उन व्यापारिक मुद्दों को गिनाया गया है, जिनसे कनाडा पहले से वाकिफ था- जैसे कार, डेयरी और शराब…जो दोनों देशों के बीच व्यापार वार्ता के टूटने का संकेत देते हैं. कारों के मामले में ट्रंप का आरोप है कि कनाडा अमेरिकी मोटर गाड़ियों और पुर्जों पर टैक्स लगाता है, जो USMCA के दायरे में नहीं आते. ट्रंप का कहना है कि कनाडा का यह व्यवहार अनुचित है और कनाडा ने दूसरे देशों पर ऐसा टैक्स न लगाकर अमेरिका के साथ भेदभाव किया है.




