Last Updated:
Must Visit Places in Bageshwar: गर्मियों की छुट्टियों में अगर आप भी नैनीताल की भारी भीड़भाड़ और लंबे ट्रैफिक जाम से बचना चाहते हैं, तो उत्तराखंड में एक बेहद खूबसूरत और शांत जगह आपका इंतजार कर रही है. पहाड़ों और हरी-भरी वादियों के बीच बसी इस जगह पर आप मात्र 100 रुपये में बोटिंग का मजा ले सकते हैं और साथ ही 12वीं सदी के राजाओं के इतिहास से भी रूबरू हो सकते हैं. आखिर कौन सी है यह जगह और क्या है इसकी खासियत आइए जानते हैं.
Must Visit Places in Bageshwar: गर्मियों की छुट्टियों में लोग अक्सर नैनीताल और दूसरे बड़े पर्यटन स्थलों का रुख करते हैं, लेकिन भीड़भाड़ और ट्रैफिक के कारण कई बार सुकून नहीं मिल पाता है. ऐसे में बागेश्वर जिले के पास स्थित बैजनाथ बैराज झील पर्यटकों के लिए एक शानदार विकल्प बनकर उभर रही है. शांत वातावरण, हरियाली से घिरे पहाड़ और गोमती नदी के किनारे बनी यह खूबसूरत झीलि लोगों को प्रकृति के करीब ले जाती है.
पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष बागेश्वर हरीश सोनी बताते हैं कि जिला मुख्यालय बागेश्वर से करीब 20 से 26 किलोमीटर दूर स्थित बैजनाथ बैराज झील इन दिनों स्थानीय और बाहरी पर्यटकों को खूब आकर्षित कर रही है. यहां पहुंचने पर लोगों को ठंडी हवा, साफ पानी और पहाड़ों के सुंदर नजारे देखने को मिलते हैं. यही वजह है कि अब यह जगह परिवार, कपल्स और दोस्तों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है.
12वीं शताब्दी के ऐतिहासिक मंदिरों का समूह
बैजनाथ क्षेत्र सिर्फ प्राकृतिक सुंदरता के लिए ही नहीं, बल्कि अपने ऐतिहासिक महत्व के लिए भी जाना जाता है. झील के पास स्थित प्राचीन बैजनाथ मंदिर समूह कत्यूरी शासनकाल की ऐतिहासिक पहचान माना जाता है. माना जाता है कि इन मंदिरों का निर्माण 12वीं शताब्दी में कत्यूरी राजाओं ने करवाया था. यहां भगवान शिव और माता पार्वती के प्राचीन मंदिर मौजूद हैं, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं. मंदिरों की पत्थरों पर बनी नक्काशी आज भी लोगों को पुराने समय की कला और संस्कृति की झलक दिखाती है.
फोटोग्राफी और ट्रैकिंग के लिए बेस्ट
प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक आस्था का अनोखा संगम होने के कारण बैजनाथ बैराज झील फोटोग्राफी और ट्रेकिंग के शौकीनों के लिए भी पसंदीदा जगह बनती जा रही है. यहां आने वाले पर्यटक पहाड़ों, झील और मंदिरों की खूबसूरती को अपने कैमरे में कैद करना नहीं भूलते. अगर आप इस गर्मी में किसी शांत, सुंदर और ऐतिहासिक जगह घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो बागेश्वर की बैजनाथ बैराज झील आपके लिए एक बेहतरीन डेस्टिनेशन साबित हो सकती है.
About the Author
सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें





