व्यवधान और परिणाम
यदि समुद्र के भीतर बिछे केबलों में गंभीर व्यवधान उत्पन्न होता है तो इसके दूरगामी परिणाम हो सकते हैं। सबसे पहला असर वैश्विक कनेक्टिविटी के टूटने के रूप में सामने आएगा। दुनिया में कहीं भी किसी से भी तुरंत संपर्क करने की सुविधा, जिसे हम सामान्य मानते हैं, गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती है।
वे क्षेत्र जो संवेदनशील केबल मार्गों पर अधिक निर्भर हैं, वहां इंटरनेट की गति धीमी पड़ सकती है, संचार बाधित हो सकता है और वित्तीय अस्थिरता पैदा हो सकती है।
जिन देशों के पास वैकल्पिक अवसंरचना कम है, खासकर अफ्रीका, पश्चिम एशिया और दक्षिण एशिया के विकासशील देश, वे सबसे अधिक प्रभावित होंगे।
वित्तीय बाजार भी इससे अछूते नहीं रहेंगे। अत्यंत तेज और भरोसेमंद डेटा प्रवाह पर उच्च-आवृत्ति व्यापार प्रणाली, वैश्विक भुगतान नेटवर्क और अंतरराष्ट्रीय बैंकिंग लेनदेन निर्भर करते हैं।
थोड़े समय का व्यवधान भी बाजारों में भारी उतार-चढ़ाव, लेनदेन में देरी और निवेशकों के बीच अनिश्चितता पैदा कर सकता है।
चूंकि वैश्विक अर्थव्यवस्था गहराई से परस्पर जुड़ी हुई है, इसलिए किसी एक क्षेत्र में उत्पन्न डिजिटल अस्थिरता तेजी से पूरी दुनिया में वित्तीय झटके पैदा कर सकती है।
यदि केबलों में व्यवधान होर्मुज जलडमरूमध्य या स्वेज नहर जैसे प्रमुख समुद्री व्यापार मार्गों में संघर्ष या अस्थिरता के साथ जुड़ जाए, तो बीमा बाजार, जहाजरानी उद्योग और ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखलाएं भी अनिश्चितता का सामना करेंगी।





