Spirit Airlines Stopped: US Hormuz Blockade News | Why Spirit Airlines Stopped- 34 साल बाद स्पिरिट एयरलाइन बंद, 9000 फ्लाइट्स रद्द


Last Updated:

US Spirit Airlines: अमेरिका की स्पिरिट एयरलाइंस ने 2 मई 2026 से अचानक अपने सभी ऑपरेशन बंद कर दिए, जिससे लाखों यात्री प्रभावित हुए और 17,000 कर्मचारियों की नौकरी चली गई. बढ़ती ईंधन कीमतें और असफल राहत पैकेज इसके पीछे बड़ी वजह रहीं. कंपनी की 9000 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल हो गईं. इसके बंद होने से अमेरिकी एयरलाइन सेक्टर में किराए बढ़ने की आशंका है और सस्ती यात्रा का विकल्प कम हो जाएगा.

Zoom

स्पिरिट एयरलाइंस हुई बंद.

US Spirit Airlines: होर्मुज बंद होने के कारण दुनिया में बढ़ी तेल की कीमतों का असर अब अमेरिका को ही लगा है. एक झटके में अमेरिका की बड़ी लो-कॉस्ट एयरलाइन स्पिरिट एयरलाइंस (Spirit Airlines) की उड़ान हमेशा के लिए थम गई. 2 मई 2026 की सुबह कंपनी ने अचानक ऐलान किया कि वह अपने सभी ऑपरेशंस बंद कर रही है. इसका मतलब साफ है कि सारी फ्लाइट्स कैंसिल, कस्टमर सर्विस बंद और लाखों यात्रियों के टिकट अब बेकार हो गए हैं. कंपनी ने आधिकारिक बयान में कहा कि ‘बेहद निराशा के साथ’ उसे यह फैसला लेना पड़ा. 34 साल तक सस्ती हवाई यात्रा देने वाली यह एयरलाइन अब इतिहास बन गई है.

अचानक बंद क्यों हुई कंपनी?

इस कहानी की जड़ में है बढ़ती लागत और एयरलाइन को बचाने की असफल कोशिशें. दरअसल, डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के साथ आखिरी समय में राहत पैकेज पर बातचीत चल रही थी, लेकिन यह डील फाइनल नहीं हो सकी. कुछ बड़े कर्जदाताओं ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया, जिससे कंपनी के पास कोई रास्ता नहीं बचा. ऊपर से ईरान युद्ध और होर्मुज ब्लॉकेड के कारण जेट फ्यूल की कीमतें लगभग दोगुनी हो गईं. एयरलाइन इंडस्ट्री में ईंधन दूसरी सबसे बड़ी लागत होती है, और स्पिरिट जैसी सस्ती टिकट देने वाली कंपनी के लिए यह झटका संभालना मुश्किल हो गया.

लाखों यात्री फंसे

सबसे बड़ा असर यात्रियों पर पड़ा है. मई महीने में ही कंपनी की करीब 9000 फ्लाइट्स शेड्यूल थीं, जिनमें लगभग 18 लाख सीटें बुक थीं. यानी रोजाना करीब 60 हजार यात्री प्रभावित हो रहे हैं. कंपनी ने साफ कर दिया है कि वह किसी दूसरी एयरलाइन में रीबुकिंग में मदद नहीं कर पाएगी. जिन लोगों ने कार्ड से टिकट खरीदे थे, उन्हें रिफंड मिल सकता है, लेकिन वाउचर या पॉइंट्स से टिकट लेने वालों को लंबा इंतजार करना पड़ सकता है. जो यात्री बीच सफर में हैं, उन्हें अब ‘लास्ट मिनट’ में महंगे टिकट लेकर दूसरी फ्लाइट पकड़नी पड़ रही है.

अमेरिका के एयरलाइन सेक्टर पर असर

स्पिरिट एयरलाइन अमेरिका की आठवीं सबसे बड़ी एयरलाइन थी और सस्ती टिकट मॉडल की पायनियर मानी जाती थी. इसके बंद होने का असर पूरे बाजार पर पड़ेगा. एक्सपर्ट्स मान रहे हैं कि इससे सस्ती टिकट का विकल्प कम हो जाएगा. बाकी एयरलाइंस किराए बढ़ा सकती हैं. इसके अलाना यात्रियों को महंगी उड़ान भरनी पड़ेगी. पहले ही ईंधन महंगा होने से टिकट की कीमतें बढ़ी हुई हैं और अब स्पिरिट के हटने से यह दबाव और बढ़ेगा.

About the Author

authorimg

Yogendra Mishra

योगेंद्र मिश्र ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म में ग्रेजुएशन किया है. 2017 से वह मीडिया में जुड़े हुए हैं. न्यूज नेशन, टीवी 9 भारतवर्ष और नवभारत टाइम्स में अपनी सेवाएं देने के बाद अब News18 हिंदी के इंटरने…और पढ़ें



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

spot_imgspot_img