ट्रंप की चहेती कैरोलिन ने दी गुड न्यूज, 24 की उम्र में किया था 60 साल के शख्स से विवाह, अब दूसरी बार बनेंगी मां


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चहेती और व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है. ट्रंप प्रशासन में प्रेस ब्रीफिंग का चेहरा रही लेविट जल्द ही मैटरनिटी लीव पर जाने वाली हैं. अपने दूसरे बच्चे की गुड न्यूज शेयर करते हुए उन्होंने बताया कि कि कुछ समय तक वह मीडिया ब्रीफिंग से दूर रहेंगी, हालांकि उनकी जगह कौन जिम्मेदारी संभालेगा, इस पर अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.

व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान लेविट ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, ‘यह संभवतः कुछ समय के लिए मेरी आखिरी ब्रीफिंग होगी. जैसा कि आप देख सकते हैं, मैं कभी भी बच्चे को जन्म दे सकती हूं.’ उन्होंने मजाकिया लहजे में यह भी कहा कि उनकी गैरमौजूदगी में पत्रकारों को ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा, क्योंकि ‘आप सभी के पास राष्ट्रपति का फोन नंबर है.’

उनका यह बयान सीधे तौर पर डोनाल्ड ट्रंप की उस शैली की ओर इशारा करता है, जिसमें वे अक्सर मीडिया से सीधे संवाद करते हैं और अपनी बात बेबाक तरीके से रखते हैं. लेविट की यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और इसे ट्रंप की संचार शैली पर एक हल्का-फुल्का तंज भी माना गया.

व्हाइट हाउस ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि लेविट कितने समय के लिए अवकाश पर रहेंगी. हालांकि रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी अनुपस्थिति में वरिष्ठ अधिकारी, जिनमें जेडी वेंस भी शामिल हैं, समय-समय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं.

28 वर्षीय लेविट इस पद पर पहुंचने वाली सबसे कम उम्र की प्रेस सेक्रेटरी हैं. वह पहले से एक बेटे की मां हैं, जिसका जन्म जुलाई 2024 में हुआ था. खास बात यह रही कि उन्होंने अपने पहले बच्चे के जन्म के कुछ ही दिनों बाद फिर से काम संभाल लिया था, खासकर उस समय जब ट्रंप के चुनाव अभियान के दौरान बड़ा घटनाक्रम सामने आया था.

लेविट की निजी जिंदगी की बात करें तो उन्होंने 60 वर्षीय निकोलस रिकियो से वर्ष 2023 में विवाह किया है. यह दंपति अपने दूसरे बच्चे का स्वागत करने की तैयारी कर रहा है. उनका यह ब्रेक एक तेज-रफ्तार राजनीतिक करियर में छोटा सा विराम माना जा रहा है, जहां वह लगातार सुर्खियों में रही हैं.

अपने कार्यकाल के दौरान लेविट को ट्रंप प्रशासन की आक्रामक मीडिया रणनीति का चेहरा माना गया है. वह अक्सर पत्रकारों के सवालों का तीखे और आत्मविश्वास से भरे जवाब देती रही हैं. हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया है कि इस भूमिका में काम करना आसान नहीं है.

एक कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि ट्रंप का अनियमित और बेहद व्यस्त शेड्यूल उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती है. ‘मेरे बॉस बहुत कम सोते हैं और किसी भी समय कॉल कर सकते हैं,’ उन्होंने कहा. उन्होंने यह भी माना कि इस नौकरी की वजह से उनकी नींद प्रभावित होती है, क्योंकि हर वक्त ब्रेकिंग न्यूज और दबाव बना रहता है.

इन चुनौतियों के बावजूद, लेविट ने लगातार प्रशासन की नीतियों का बचाव किया और मीडिया के साथ एक मजबूत संवाद बनाए रखा. अब जब वह कुछ समय के लिए इस भूमिका से दूर जा रही हैं, तो उनकी गैरमौजूदगी में व्हाइट हाउस की मीडिया रणनीति कैसे आगे बढ़ेगी, इस पर सभी की नजरें बनी हुई हैं.

फिलहाल, उन्होंने साफ संकेत दिया है कि यह ब्रेक अस्थायी है और वह जल्द ही वापसी करेंगी. उनके शब्दों में, ‘मैं जल्दी वापस आऊंगी.’



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

spot_imgspot_img