Last Updated:
पलामू के मेदिनीनगर के पास स्थित रानी ताल डैम गर्मी में सुकून पाने का बेहतरीन ठिकाना बन गया है. दो पहाड़ों के बीच बसे इस डैम का सूर्यास्त और शांत वातावरण पर्यटकों को स्वर्ग जैसा अहसास कराता है. मेदिनीनगर से आसानी से पहुंचने योग्य यह स्थल प्राकृतिक सुंदरता के प्रेमियों के लिए पसंदीदा पिकनिक स्पॉट है.
पलामूः गर्मी के दिनों में लोग अक्सर ऐसी जगह की तलाश में रहते हैं जहां उन्हें सुकून के कुछ पल मिल सकें. दिनभर की भागदौड़ और शहर की भीड़भाड़ से दूर लोग शाम के समय प्राकृतिक स्थलों पर जाना पसंद करते हैं. अगर शहर के पास ही कोई शांत और प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर जगह मिल जाए तो लोगों के लिए यह और भी खास बन जाता है. पलामू जिले के मेदिनीनगर के पास स्थित रानी ताल डैम भी ऐसी ही एक खूबसूरत जगह है, जहां हर दिन बड़ी संख्या में लोग सैर करने और प्रकृति के बीच समय बिताने पहुंचते हैं.
चारों तरफ फैली है हरियाली
दरअसल, दो पहाड़ों के बीच बसा रानी ताल डैम अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए खास पहचान रखता है. चारों तरफ फैली हरियाली, ऊंचे-ऊंचे पहाड़ और बीच में फैला शांत पानी इस जगह को बेहद आकर्षक बनाते हैं. खास बाद है कि शाम के समय यहां का नजारा और भी मनमोहक हो जाता है. यहां जैसे ही सूरज ढलते है, उसकी सुनहरी किरणें डैम के पानी पर पड़कर लालिमा बिखेर देती हैं. पहाड़ों के पीछे धीरे-धीरे छिपता सूरज ऐसा प्रतीत होता है, मानो प्रकृति खुद अपने आंचल में दिन को सुला रही हो. इस दृश्य को देखने के लिए लोग देर तक डैम किनारे बैठकर प्रकृति का आनंद लेते रहते हैं.
खुली वादियां और शांत वातावरण
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे कई वर्षों से यहां नियमित रूप से आते रहे हैं. यहां की ठंडी हवाएं, खुली वादियां और शांत वातावरण शहर के शोरगुल से बिल्कुल अलग अनुभव कराते हैं. कई लोग बताते हैं कि सूर्यास्त के समय डैम के किनारे बैठकर ऐसा लगता है मानो समुद्र के किनारे बैठे हों. पानी की लहरें और पहाड़ों के बीच बहती हवा मन को गहरी शांति का एहसास कराती है. यही कारण है कि यह जगह अब स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के गांवों और कस्बों के लोगों के लिए भी पसंदीदा स्थल बनती जा रही है.
शाम होते-होते यहां पर लोगों की चहल-पहल बढ़ने लगती है. चार बजे के बाद से ही लोग टहलने, फोटो खिंचवाने और दोस्तों व परिवार के साथ समय बिताने यहां पहुंचने लगते हैं. वहीं रविवार और छुट्टियों के दिनों में यहां मेले जैसा माहौल देखने को मिलता है. बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी इस प्राकृतिक स्थल का आनंद लेते नजर आते हैं.
यहां कैसे पहुंचें?
रानी ताल डैम तक पहुंचना भी काफी आसान है. मेदिनीनगर से शाहपुर पुल पार कर चैनपुर बाजार के रास्ते सीधे डैम तक पहुंचा जा सकता है. सड़क पूरी तरह से सुगम है और यहां ऑटो, रिक्शा या निजी वाहन से आसानी से पहुंचा जा सकता है. हालांकि डैम के आसपास फिलहाल होटल या रेस्टोरेंट की सुविधा नहीं है, इसलिए पर्यटकों को खाने-पीने की व्यवस्था अपने साथ करने की सलाह दी जाती है. प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर यह जगह गर्मी के दिनों में सुकून और ताजगी का अहसास कराती है.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.





