Why We Celebrate World Health Day: दुनिया भर में हर साल 7 अप्रैल को वर्ल्ड हेल्थ डे (World Health Day) मनाया जाता है. इस दिन का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें बेहतर लाइफस्टाइल अपनाने के लिए प्रेरित करना है. यह दिन सरकारों, स्वास्थ्य संगठनों और आम लोगों को एक मंच पर लाता है, ताकि वे स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियों जैसे बीमारियों की रोकथाम, मानसिक स्वास्थ्य और स्वच्छता पर ध्यान दे सकें. यह दिन हमें याद दिलाता है कि स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी संपत्ति है. इसकी शुरुआत 1950 में वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (WHO) द्वारा की गई थी. इस दिन को चुनने का कारण यह है कि 7 अप्रैल 1948 को WHO की स्थापना हुई थी. तब से हर साल यह दिन वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य से जुड़े तमाम मुद्दों पर जागरुकता फैलाने के लिए मनाया जाता है.
विश्व स्वास्थ्य दिवस का महत्व और थीम | World Health Day Significance and Theme
वर्ल्ड हेल्थ डे मनाने का उद्देश्य केवल जागरुकता फैलाना ही नहीं, बल्कि लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदार बनाना भी है. आज के समय में लाइफस्टाइल से जुड़ी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, ऐसे में यह दिन लोगों को स्वस्थ आदतें अपनाने, नियमित जांच कराने और समय पर इलाज लेने के लिए प्रेरित करता है. यह हमें यह भी सिखाता है कि स्वस्थ समाज ही एक मजबूत देश की नींव होता है. हर साल विश्व स्वास्थ्य दिवस एक खास थीम के साथ मनाया जाता है. साल 2026 में वर्ल्ड हेल्थ डे की थीम है – स्वास्थ्य के लिए साथ मिलकर आगे बढ़ें. विज्ञान के साथ खड़े रहें (Together for health. Stand with science).
स्वास्थ्य समस्याओं से निपटने में विज्ञान का महत्व | Importance of Science in Global Health Challenges
आज के आधुनिक दौर में विज्ञान दुनिया भर की स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटने का सबसे मजबूत आधार बन चुका है. नई बीमारियों के उभरने और महामारी जैसी स्थितियों ने साबित किया है कि बिना वैज्ञानिक दृष्टिकोण के स्वास्थ्य समस्याओं से निपटना संभव नहीं है. नई दवाओं का विकास, वैक्सीन, एडवांस डायग्नोस्टिक तकनीक और रिसर्च जैसी सभी चीजें विज्ञान की देन हैं. साइंस की मदद से न केवल बीमारियों की पहचान आसान हुई है, बल्कि उनका इलाज और रोकथाम भी संभव हो पाया है. महामारी के दौरान रिकॉर्ड समय में वैक्सीन तैयार होना इसका सबसे बड़ा उदाहरण है, जिसने करोड़ों लोगों की जान बचाई. आज जीनोमिक रिसर्च और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के जरिए बीमारियों को अधिक सटीकता से समझा जा रहा है.
स्वस्थ रहने के लिए डॉक्टर के टिप्स | Healthy Lifestyle Tips
नई दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल के प्रिवेंटिव हेल्थ एंड वेलनेस डिपार्टमेंट की डायरेक्टर डॉ. सोनिया रावत ने News18 को बताया कि स्वस्थ रहने के लिए हेल्दी खान-पान जरूरी है. हमारे शरीर को सही मात्रा में प्रोटीन, विटामिन, मिनरल्स और फाइबर की जरूरत होती है. अगर हम रोजाना अपनी डाइट में हरी सब्जियां, फल, साबुत अनाज और प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थ शामिल करें, तो शरीर मजबूत बनता है और इम्यून सिस्टम भी बेहतर होता है. जंक फूड और ज्यादा मीठा खाने से बचना भी बेहद जरूरी है, क्योंकि ये धीरे-धीरे कई बीमारियों की जड़ बनते हैं.
डॉक्टर के मुताबिक आजकल ज्यादातर लोग घंटों बैठकर काम करते हैं, जिससे शरीर में सुस्ती और वजन बढ़ने की समस्या होती है. रोजाना कम से कम 30 मिनट की एक्सरसाइज, जैसे तेज चलना, योग या हल्की दौड़, शरीर को एक्टिव रखती है. इससे न सिर्फ वजन कंट्रोल में रहता है, बल्कि दिल और दिमाग भी स्वस्थ रहते हैं. इसके अलावा सेहतमंद रहने के लिए रोज 7-8 घंटे की अच्छी नींद जरूरी है. कई लोग काम या मोबाइल के कारण अपनी नींद पूरी नहीं कर पाते, जिससे थकान, तनाव और इम्यूनिटी कमजोर हो जाती है. अच्छी नींद शरीर को रीचार्ज करती है और मानसिक स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाती है. नींद पूरी होने से शरीर की मरम्मत प्रक्रिया भी सही तरीके से होती है.
एक्सपर्ट की मानें तो आज के समय में स्ट्रेस एक बड़ी समस्या बन चुका है, जो कई शारीरिक और मानसिक बीमारियों का कारण बनता है. ध्यान, योग, गहरी सांस लेने की तकनीक और अपने पसंदीदा काम करने से तनाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है. मानसिक शांति बनाए रखना उतना ही जरूरी है, जितना शारीरिक स्वास्थ्य. इसके अलावा नियमित हेल्थ चेकअप की बेहद जरूरी होता है. अक्सर लोग तब तक डॉक्टर के पास नहीं जाते जब तक कोई बड़ी समस्या न हो जाए. लेकिन समय-समय पर जांच कराने से बीमारियों का पता शुरुआती चरण में ही लग जाता है, जिससे उनका इलाज आसान हो जाता है.





