नई दिल्ली (RBSE 12th Result 2026 Analysis). राजस्थान बोर्ड 12वीं रिजल्ट 2026 में एक बड़ा और पॉजिटिव बदलाव देखने को मिल सकता है. 2026 का यह बैच पिछले 3 सालों के मुकाबले ‘लर्निंग आउटकम’ (सीखने की क्षमता) के मामले में सबसे अव्वल साबित हो सकता है. दरअसल, यह कोरोना काल के बाद का पहला ऐसा बैच है, जिसने अपनी 10वीं से लेकर 12वीं तक की पूरी पढ़ाई बिना किसी डिजिटल रुकावट, लॉकडाउन या ‘हाइब्रिड’ मॉडल के यानी पूरी तरह ‘नॉर्मल’ स्कूलिंग के साथ पूरी की है.
क्लासरूम में रेगुलर पढ़ाई और टीचर्स का गाइडेंस इस साल राजस्थान बोर्ड 12वीं रिजल्ट में स्टूडेंट्स का प्रदर्शन नई ऊंचाई पर पहुंचा सकता है. जब स्टूडेंट्स नियमित रूप से स्कूल जाकर ब्लैकबोर्ड और चॉक के साथ पढ़ाई करते हैं तो उनके बेसिक कॉन्सेप्ट की पकड़ बहुत मजबूत होती है. 2026 के इस बैच ने न केवल पूरा सिलेबस समय पर खत्म किया, बल्कि उन्हें रिवीजन और प्रैक्टिकल लैब्स में समय बिताने का मौका भी मिला. यही वजह है कि इस साल औसत अंकों में बड़ा उछाल आने की उम्मीद जताई जा रही है.
2026 का ‘नॉर्मल’ बैच क्यों खास है?
नियमित स्कूलिंग का सीधा असर
साल 2026 बैच वाल स्टूडेंट्स ने अपनी माध्यमिक (10वीं) और उच्च माध्यमिक (12वीं) की शिक्षा बिना किसी तकनीकी बाधा के पूरी की है. ऑफलाइन पढ़ाई यानी स्कूल जाकर पढ़ाई करने का सबसे बड़ा फायदा यह हुआ कि छात्रों की एकाग्रता और शिक्षकों के साथ संवाद का स्तर बहुत ऊंचा रहा, जिसका सीधा असर उत्तर पुस्तिकाओं की गुणवत्ता पर दिखेगा.
मजबूत हुआ लर्निंग आउटकम
ऑनलाइन क्लास के दौरान स्टूडेंट्स के बीच चीजें सीखने की खाई पैदा हो गई थी. उसे इस बैच ने भर दिया है. राजस्थान बोर्ड 12वीं की प्री-बोर्ड परीक्षाओं और छमाही मूल्यांकन के आंकड़े बताते हैं कि इस साल स्टूडेंट्स की कठिन विषयों (जैसे गणित और विज्ञान) पर पकड़ पिछले तीन सालों के मुकाबले 15-20% बेहतर है. इससे भी अंदाजा लगाया जा रहा है कि सरकारी रिजल्ट बेहतर हो सकता है.
लिखने की प्रैक्टिस में आया फर्क
कोरोना काल के समय स्टूडेंट्स की लिखने की गति (Writing Speed) और स्टाइल प्रभावित हुई थी. कॉपी पर हाथ से लिखने की आदत लगभग छूट गई थी. लेकिन इस बैच ने पूरे सेशन में लगातार क्लास टेस्ट और लिखित अभ्यास किया है. विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर लिखने की यह स्पष्टता और स्पीड इस बार औसत अंकों को रिकॉर्ड स्तर पर ले जा सकती है.
मानसिक स्थिरता और परीक्षा का माहौल
कोरोना के बाद से यानी 2021 और 2022 में स्टूडेंट्स अनिश्चितता के माहौल में थे कि परीक्षाएं होंगी या नहीं. उस समय जो पढ़ाई छूटी, उसका असर 2025 तक बोर्ड परीक्षाएं देने वालों में दिखा. वहीं, 2026 के बैच को एक स्टेबल एकेडमिक कैलेंडर मिला. परीक्षा का डर कम और तैयारी का उत्साह अधिक होने की वजह से छात्रों का मनोवैज्ञानिक प्रदर्शन भी बेहतर रहने की उम्मीद है.
हाइब्रिड शिक्षा की जगह ऑफलाइन मॉडल ने स्टूडेंट्स की मेधा को फिर से पटरी पर ला खड़ा किया है. राजस्थान बोर्ड 12वीं के नतीजे राज्य की बदलती स्कूली शिक्षा की नई तस्वीर पेश करेंगे.





