‘लाइन में क्यों लगें, हम वीआईपी हैं!’ IPL टिकटों पर मची लूट के बीच डीके शिवकुमार बोले- ये हमारा अधिकार है


IPL Match: आईपीएल आते ही मैच देखने के टिकटों की मारामारी बढ़ जाती है. जब मुफ्त की टिकट की बात हो तो क्या ही कहना! इस साल आईपीएल की शुरुआत बेंगलुरु से हो रही है. वहां सेरेमोनियल मैच के वीआईपी टिकट की मांग हो रही है. लिए सत्ताधारी कांग्रेस की विधायकों ने खुलेआम IPL मैचों के लिए वीआईपी टिकटों की मांग की है. इस पूरे वीआईपी कल्चर वाले विवाद को तब और हवा मिल गई, जब राज्य के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भी अपने विधायकों की इस मांग का खुलकर बचाव किया.

ये उनका अधिकार है

बेंगलुरु में शुक्रवार को पत्रकारों से बात करते हुए डीके शिवकुमार ने कहा कि विधायकों को वीआईपी टिकट मिलना चाहिए क्योंकि वे सरकार का एक अहम हिस्सा हैं. उन्होंने इसे विधायकों का अधिकार (Right) बताया. शिवकुमार ने स्पष्ट किया, ‘विधायकों का यह अधिकार है क्योंकि वे सरकार का हिस्सा हैं. मैं संबंधित अधिकारियों और चेयरमैन से बात करूंगा ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि हमारे विधायकों को टिकट मिलें.’

आईपीएल की टिकट के लिए कर्नाटक में कांग्रेस के विधायकों के बीच मारामारी.

हमें ज्ञान ना दें सूर्या- शिवकुमार

इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता और सांसद तेजस्वी सूर्या पर भी तंज कसा, जो अक्सर कांग्रेस सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते रहते हैं. शिवकुमार ने कहा, ‘तेजस्वी सूर्या को अपने पार्टी के सदस्यों को ज्ञान देना चाहिए, हमें नहीं.’

हम वीआईपी हैं लाइन में क्यों लगें?’

इस विवाद की शुरुआत कांग्रेस विधायक विजयानंद कशप्पनवर के एक बयान से हुई थी. उन्होंने खुले मंच से मांग की थी कि प्रत्येक विधायक को आईपीएल के कम से कम पांच वीआईपी टिकट मिलने चाहिए. उनका तर्क था कि निर्वाचित जनप्रतिनिधि वीआईपी होते हैं और उन्हें आम जनता की तरह टिकट के लिए कतार में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़नी चाहिए.

एसोसिएशन पर ‘ब्लैक’ टिकट बेचने का आरोप

बवाल इतना बढ़ गया है कि मामला सिर्फ मुफ्त टिकटों की मांग तक सीमित नहीं रहा, बल्कि एक अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिवशंकरप्पा ने कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगा दिए. उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा, ‘इस महीने की 28 तारीख से IPL मैच शुरू होने जा रहे हैं, लेकिन KSCA ने अभी तक विधायकों, मंत्रियों और उनके परिवारों को टिकट नहीं दिए हैं. क्रिकेट एसोसिएशन सरकार से सारी सुविधाएं तो ले रहा है, लेकिन वे विधायकों का रत्ती भर भी सम्मान नहीं कर रहे हैं.’

5 हजार का टिकट 35 हजार में

शिवशंकरप्पा ने टिकटों की कालाबाजारी का दावा करते हुए कहा, ‘वे टिकट इश्यू नहीं कर रहे हैं, बल्कि उन्हें ब्लैक में बेच रहे हैं. जो टिकट आधिकारिक तौर पर 5,000 रुपये का है, उसे हम 35,000 रुपये में ब्लैक में खरीदने को मजबूर हैं.’ गौरतलब है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के शेड्यूल के अनुसार, IPL 2026 का पहला चरण 28 मार्च से 12 अप्रैल के बीच खेला जाएगा.

असम में कांग्रेस की सरकार- शिवकुमार

आपीएल विवाद के अलावा, डीके शिवकुमार ने 9 अप्रैल को होने वाले असम विधानसभा चुनावों को लेकर भी बड़ा राजनीतिक दावा किया. हाल ही में असम का दौरा करके लौटे शिवकुमार ने विश्वास जताया कि राज्य में सत्ता परिवर्तन तय है और वहां कांग्रेस की सरकार बनेगी. उन्होंने वर्तमान भाजपा नीत सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उसे असम के इतिहास की सबसे भ्रष्ट सरकार बताया. हालिया उपचुनावों के नतीजों पर तंज कसते हुए शिवकुमार ने भाजपा को आड़े हाथों लिया और कहा, ‘उनकी हालत यह है कि वे उपचुनाव में अपने मुख्यमंत्री के बेटे की सीट तक नहीं बचा पाए.’



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

spot_imgspot_img