कौन है वह शख्स जिसने कैबिनेट मीटिंग में PM मोदी के सामने दिया प्रजेंटेशन? ईरान युद्ध के बीच तय हुआ ‘मिशन सेफ इंडिया’


नई दिल्ली: दुनिया बदल रही है और हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं. पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा है. ईरान युद्ध की आंच अब वैश्विक अर्थव्यवस्था तक पहुंच चुकी है. भारत भी इससे अछूता नहीं. ऐसे वक्त में दिल्ली में हुई एक अहम बैठक ने सबका ध्यान खींच लिया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने एक खास प्रजेंटेशन हुआ. यह सिर्फ एक रिपोर्ट नहीं थी. यह देश की सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और आम आदमी के भविष्य से जुड़ा ब्लूप्रिंट था. सवाल उठ रहा है कि आखिर वह शख्स कौन है, जिसने इतने बड़े संकट के बीच सरकार को दिशा दिखाई? और क्या है ‘मिशन सेफ इंडिया’ जिसकी चर्चा अब तेज हो गई है? दरअसल कैबिनेट मीटिंग में विस्तृत प्रजेंटेशन कैबिनेट सचिव टी.वी. सोमनाथन ने दिया.

न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के अनुसार कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी की इस बैठक में सरकार ने साफ कर दिया कि देश के नागरिकों को किसी भी हाल में परेशानी नहीं होने दी जाएगी. जरूरी सामान की उपलब्धता, कीमतों पर नियंत्रण और सप्लाई चेन को मजबूत रखने पर जोर दिया गया. इसी दौरान एक वरिष्ठ अधिकारी ने विस्तृत प्रजेंटेशन दिया, जिसने पूरी रणनीति को आकार देने में अहम भूमिका निभाई.

कैबिनेट मीटिंग, ‘मिशन सेफ इंडिया’ और अहम फैसले

इस बैठक में वैश्विक हालात की समीक्षा की गई. खाद्य सुरक्षा, ऊर्जा, पेट्रोलियम, उर्वरक, व्यापार और आपूर्ति श्रृंखला जैसे अहम क्षेत्रों पर चर्चा हुई. सरकार ने एक समन्वित रणनीति तैयार करने के लिए मंत्रियों और सचिवों का एक समूह बनाने का फैसला लिया. मकसद साफ है किसी भी वैश्विक संकट का असर आम आदमी तक कम से कम पहुंचे.

टी.वी. सोमनाथन 1987 बैच के आईएएस अधिकारी हैं. (फाइल फोटो PTI)

कैबिनेट मीटिंग में प्रजेंटेशन किसने दिया?

कैबिनेट मीटिंग में विस्तृत प्रजेंटेशन कैबिनेट सचिव टी.वी. सोमनाथन ने दिया. उन्होंने वैश्विक हालात, संभावित असर और सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों की पूरी जानकारी प्रधानमंत्री और अन्य वरिष्ठ मंत्रियों के सामने रखी. यह प्रजेंटेशन नीति निर्माण के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है.

टी.वी. सोमनाथन कौन हैं?

टी.वी. सोमनाथन 1987 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और तमिलनाडु कैडर से आते हैं. उन्होंने पीएमओ में संयुक्त सचिव, वित्त सचिव और कई अहम पदों पर काम किया है. उनके पास प्रशासनिक और आर्थिक मामलों का लंबा अनुभव है. उन्होंने विश्व बैंक में भी काम किया है और कई अंतरराष्ट्रीय संस्थानों से जुड़े रहे हैं.

’मिशन सेफ इंडिया’ क्या है?

’मिशन सेफ इंडिया’ दरअसल सरकार की एक समग्र रणनीति है, जिसका उद्देश्य वैश्विक संकट के बीच देश की अर्थव्यवस्था, आपूर्ति और नागरिकों की जरूरतों को सुरक्षित रखना है. इसमें खाद्य, ईंधन, दवाइयों और अन्य जरूरी वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना शामिल है.

इस बैठक में किन-किन क्षेत्रों पर चर्चा हुई?

बैठक में कृषि, उर्वरक, खाद्य सुरक्षा, पेट्रोलियम, बिजली, MSME, निर्यात, शिपिंग, वित्त और सप्लाई चेन जैसे कई सेक्टरों पर विस्तार से चर्चा हुई. साथ ही, आयात के नए स्रोत और निर्यात के नए बाजार विकसित करने की योजना पर भी विचार किया गया.

टी.वी. सोमनाथन का प्रोफाइल और अनुभव

  • टी.वी. सोमनाथन का जन्म 10 मई 1965 को तमिलनाडु में हुआ. उन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय और कलकत्ता विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त की. हार्वर्ड बिजनेस स्कूल से भी उन्होंने एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम किया है. वह चार्टर्ड अकाउंटेंसी और मैनेजमेंट से जुड़े कई अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के सदस्य हैं. प्रशासनिक अनुभव के साथ-साथ आर्थिक समझ उन्हें इस तरह के संकट में अहम भूमिका निभाने वाला अधिकारी बनाती है.
  • सरकार ने स्पष्ट किया है कि जरूरी वस्तुओं की उपलब्धता बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे. राज्यों के साथ समन्वय बढ़ाया जाएगा ताकि कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक लगाई जा सके. इसके अलावा, अलग-अलग सेक्टर के लिए विशेष समूह बनाए जाएंगे जो संबंधित हितधारकों के साथ मिलकर काम करेंगे.
  • इस पूरी रणनीति का मकसद एक ही है वैश्विक संकट के बीच भारत को स्थिर रखना और आम नागरिकों को राहत देना. आने वाले दिनों में सरकार द्वारा उठाए जाने वाले कदम यह तय करेंगे कि ‘मिशन सेफ इंडिया’ कितना सफल होता है.



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

spot_imgspot_img