Illnesses Spread by Saliva: प्यार जताने के कई तरीके होते हैं, जिनमें से एक किस (Kiss) करना भी है. अक्सर लोग बच्चों और अपने पार्टनर को किस करके अपना प्यार जाहिर करते हैं. किस करना प्यार का संकेत होता है, लेकिन किस करने से केवल भावनाएं ही नहीं, बल्कि कुछ इंफेक्शन और बीमारियां भी फैल सकती हैं. खासकर अगर किसी एक व्यक्ति को पहले से कोई संक्रमण हो, तब उसे किसी को भी किस नहीं करना चाहिए. ऐसा करने से बीमारियां फैल सकती हैं.
किस के जरिए फैल सकती हैं ये बीमारियां
फ्लू : यह एक वायरल संक्रमण है, जो तेजी से फैलता है. किस करने से संक्रमित व्यक्ति की लार के जरिए यह वायरस दूसरे तक पहुंच सकता है और तेज बुखार, शरीर दर्द और कमजोरी का कारण बन सकता है.
कोल्ड सोर : यह एक कॉमन इंफेक्शन है, जिसकी वजह से स्किन पर छोटे-छोटे छालों का एक गुच्छा बन जाता है. यह संक्रमण हर्पीस सिम्प्लेक्स वायरस (HSV-1) के कारण होता है. अगर किसी के होंठों पर छाले या फफोले हैं, तो किस करने से यह वायरस सीधे दूसरे व्यक्ति में फैल सकता है.
मोनोन्यूक्लिओसिस : इस परेशानी को किसिंग डिजीज भी कहा जाता है, जो EBV वायरस के कारण होती है. यह वायरस लार के जरिए फैलता है और इससे बुखार, गले में दर्द, ग्रंथियों में सूजन और थकान हो सकती है.
मसूड़ों और दांतों के संक्रमण : अगर किसी को मसूड़ों की बीमारी या कैविटी है, तो किस करने से बैक्टीरिया दूसरे व्यक्ति के मुंह में भी जा सकते हैं. इससे दांत और मसूड़ों की समस्या बढ़ सकती है.
हेपेटाइटिस B : यह लिवर से जुड़ा घातक इंफेक्शन है, जो आमतौर पर खून या शारीरिक फ्लूड के संपर्क में आने से फैलता है, लेकिन अगर मुंह में घाव या खून आ रहा हो, तो किस के जरिए भी यह दूसरे शख्स में फैल सकता है.
मम्प्स : यह एक वायरल संक्रमण है, जिसमें लार ग्रंथियां सूज जाती हैं. यह भी लार के संपर्क से फैल सकता है, इसलिए संक्रमित व्यक्ति को किस करने से बचना चाहिए. इसका खतरा बच्चों को ज्यादा होता है.
सिफलिस : यह एक सेक्सुअली ट्रांसमिटेड डिजीज है, जो मुख्य रूप से यौन संपर्क से फैलती है, लेकिन अगर किसी व्यक्ति के मुंह में सिफलिस के घाव मौजूद हैं, तो यह किस के माध्यम से भी ट्रांसमिट हो सकता है.
मेनिन्जाइटिस : यह एक गंभीर और जानलेवा बीमारी है, जिसमें ब्रेन और रीढ़ की हड्डी की सुरक्षात्मक झिल्ली में सूजन आ जाती है. कुछ प्रकार के बैक्टीरियल मेनिन्जाइटिस लार के सीधे संपर्क या किस के माध्यम से फैल सकते हैं.





