होर्मुज को लेकर क्या करेगा अमेरिका? डोनाल्ड ट्रंप की फिसली जुबान और ईरान युद्ध का खुल गया सारा प्लान!


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मियामी में शुक्रवार शाम एक कार्यक्रम के दौरान रणनीतिक रूप से अहम होर्मुज स्ट्रेट को मजाक-मजाक में स्ट्रेट ऑफ ट्रंप कह दिया. यह बयान उन्होंने सऊदी अरब के सॉवरेन वेल्थ फंड की तरफ से प्रायोजित कार्यक्रम में दिया गया, जहां उनके इस कमेंट पर पूरा हॉल दर्शकों के ठहाके से गूंज उठे.

ट्रंप ने कहा, ‘हम अभी बातचीत कर रहे हैं और अगर हम कुछ कर सकें तो बहुत अच्छा होगा, लेकिन उन्हें इसे खोलना होगा. उन्हें स्ट्रेट ऑफ ट्रंप… मतलब होर्मुज को खोलना होगा.’ इसके तुरंत बाद उन्होंने व्यंग्य भरे लहजे में कहा, ‘ओह, माफ कीजिए, यह बहुत बड़ी गलती हो गई.’ फिर उन्होंने जोड़ा, ‘फेक न्यूज वाले कहेंगे कि ट्रंप ने गलती से स्ट्रेट ऑफ ट्रंप कह दिया. नहीं, मेरे साथ ऐसी गलतियां नहीं होतीं. ज्यादा नहीं होतीं.’

‘अमेरिकी सेना दुनिया की सबसे ताकतवर’

ट्रंप ने इस दौरान ईरान के खिलाफ चल रहे युद्ध में अमेरिकी सेना की सफलता का दावा भी किया. उन्होंने कहा, ‘हम मिडिल ईस्ट में एक ऐसे नए युग की ओर बढ़ रहे हैं जो आखिरकार ईरानी आतंक और न्यूक्लियर ब्लैकमेल से मुक्त होगा. मेरे नेतृत्व में अमेरिका इस कट्टरपंथी शासन को खत्म कर रहा है. हमने ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ के तहत ईरान की क्षमताओं को पूरी तरह कुचल दिया है. हमारी सेना दुनिया की सबसे ताकतवर है.’

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल में ईरानी जनरल कासिम सुलेमानी की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि ईरान की अधिकांश लीडरशिप अब खत्म हो चुकी है. उन्होंने कहा, ’47 साल तक ईरान मिडिल ईस्ट का बुली (परेशान करने वाला) बना रहा, लेकिन अब वह बुली नहीं रहा.’

6 अप्रैल तक टाला ऊर्जा संयंत्रों पर हमला

ट्रंप ने यह भी बताया कि उन्होंने ईरान के ऊर्जा संयंत्रों पर हमला करने की योजना को 6 अप्रैल तक टाल दिया है, ताकि तेहरान को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज फिर से खोलने के लिए और समय मिल सके. ईरान ने इस जलडमरूमध्य को प्रभावी रूप से बंद कर रखा है, जिससे वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है और तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं.

ट्रंप ने दावा किया कि युद्ध समाप्त करने के लिए अप्रत्यक्ष बातचीत ‘बहुत अच्छी’ चल रही है, भले ही ईरान सार्वजनिक रूप से इसे नकार रहा हो. उन्होंने कहा कि अमेरिका 15 सूत्री प्रस्ताव पर ईरान से बात कर रहा है.

ट्रंप के इन बयानों के बाद अमेरिकी शेयर बाजार में युद्ध शुरू होने के बाद सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई. यह घटना ऐसे समय में हुई है जब मध्य पूर्व में तनाव चरम पर है और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की बंदी ने पूरी दुनिया की ऊर्जा सुरक्षा को चुनौती दी है. ट्रंप का ‘स्ट्रेट ऑफ ट्रंप’ वाला मजाक अंतरराष्ट्रीय मीडिया में खूब चर्चा का विषय बन गया है.



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

spot_imgspot_img