West Bengal Election LIVE | Bengal Chunav Updates | ‘ममता बंगाल के लिए मां-बहन और बेटी’, शत्रुघ्‍न सिन्‍हा बोले- उनका कोई मुकाबला नहीं


Last Updated:

West Bengal Election LIVE: चुनाव आयोग ने जबसे पश्चिम बंगाल में चुनाव की घोषणा की है, प्रदेश का सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है. सत्‍तारूढ़ टीएमसी और भाजपा के बीच इस बार के विधानसभा चुनाव में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है. भाजपा बंगाल की सत्‍ता में आने के लिए पुरजोर कोशिश कर रही है, लेकिन मुख्‍य विपक्षी पार्टी को अभी तक इसमें सफलता नहीं मिली है.

Zoom

शत्रुघ्‍न सिन्‍हा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी का कोई मुकाबला नहीं है. (फाइल फोटो)

West Bengal Election LIVE: पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल तेज होता जा रहा है. इस बीच तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए कहा है कि राज्य में उनके मुकाबले कोई नहीं है. उन्होंने दावा किया कि बंगाल की जनता पूरी तरह ममता बनर्जी के साथ खड़ी है और टीएमसी का दबदबा कायम रहेगा. शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि पूरी दुनिया मानती है कि बंगाल में ममता बनर्जी के नेतृत्व का कोई मुकाबला नहीं है. जब भी बंगाल की प्रतिष्ठा की बात आती है, यहां की जनता एकजुट होकर उनके साथ खड़ी हो जाती है. ममता बनर्जी इस राज्य के लिए मां, बहन और बेटी के समान हैं. उनके इस बयान को चुनाव से पहले टीएमसी के आत्मविश्वास के तौर पर देखा जा रहा है. राज्य में विधानसभा चुनाव दो चरणों में आयोजित होंगे. पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को और दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी. चुनाव आयोग के मुताबिक, पहले चरण में 152 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा. इसके लिए अधिसूचना 30 मार्च को जारी की जाएगी और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अप्रैल तय की गई है. नामांकन पत्रों की जांच 7 अप्रैल को होगी, जबकि 9 अप्रैल तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे.

पश्चिम बंगाल चुनाव से जुड़े पल-पल के अपडेट्स

बंगाल चुनाव LIVE: पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में राम मूर्ति तोड़े जाने पर बवाल
पूर्वी मेदिनीपुर के रेयापारा में भगवान राम की निर्माणाधीन मूर्ति को कथित तौर पर खंडित किए जाने के बाद, नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने सड़क जाम कर भारी प्रदर्शन किया है. सुवेंदु अधिकारी ने इस घटना के लिए जिहादी तत्वों को जिम्मेदार ठहराते हुए ममता बनर्जी सरकार को हिंदू विरोधी करार दिया. पुलिस पर जानबूझकर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया. उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हर हिंदू त्योहार और रामनवमी के जुलूस से पहले मूर्तियां तोड़ना या पत्थरबाजी करना सत्ता द्वारा संरक्षित गुंडों की एक सोची-समझी साजिश है. यह सब इसलिए किया जा रहा है ताकि हिंदू समाज भड़के और मुख्यमंत्री अपने मुस्लिम वोट बैंक का आसानी से ध्रुवीकरण कर सकें, हालांकि इलाके में बढ़ते तनाव को देखते हुए फिलहाल भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

बंगाल चुनाव LIVE: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर 24 परगना जिले के बारानगर में राजनीतिक तनाव बढ़ गया, जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) समर्थकों के बीच झड़प हो गई. घटना के बाद हालात को काबू में करने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती की गई. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्थिति अब नियंत्रण में है. बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के दक्षिणी डिवीजन के डीसीपी द्युतीमान भट्टाचार्य ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के चलते हालात संभाल लिए गए हैं. वहीं, बारानगर के एसीपी सिद्धार्थ सिंह डांगी ने भी बताया कि स्थिति सामान्य है और पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है. इस बीच बारानगर सीट से भाजपा उम्मीदवार साजल घोष ने टीएमसी समर्थकों पर हिंसा का आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि पिछले साल भी इसी तरह का हमला हुआ था और अब इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. गौरतलब है कि राज्य में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होना है, जबकि मतगणना 4 मई को होगी. 294 सीटों वाली विधानसभा में मुख्य मुकाबला टीएमसी और भाजपा के बीच माना जा रहा है.

दूसरे फेज काफी अहम

दूसरे चरण में 142 सीटों पर चुनाव होगा. इसकी अधिसूचना 2 अप्रैल को जारी होगी और उम्मीदवार 13 अप्रैल तक नाम वापस ले सकेंगे. पश्चिम बंगाल विधानसभा में कुल 294 सीटें हैं, जहां मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ टीएमसी और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी के बीच माना जा रहा है. टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी एक बार फिर भवानीपुर सीट से चुनाव मैदान में उतरने जा रही हैं. इस सीट पर उनका मुकाबला भाजपा के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी से होने की संभावना है. यह मुकाबला इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि 2021 के चुनाव में सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी को कड़े मुकाबले में 1956 वोटों से हराया था. हालांकि, नंदीग्राम में हार के बाद ममता बनर्जी ने भवानीपुर सीट से उपचुनाव जीतकर विधानसभा में वापसी की थी. उस समय टीएमसी नेता शोभनदेब चट्टोपाध्याय ने उनके लिए सीट खाली की थी.

कैसा रहा था पिछला चुनाव

अगर पिछले चुनाव के नतीजों पर नजर डालें तो 2021 में हुए विधानसभा चुनाव में टीएमसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 215 सीटें जीती थीं और लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की थी. वहीं भाजपा को 77 सीटों पर जीत मिली थी. अन्य दलों में गोरखा जनमुक्ति मोर्चा (तामांग) और इंडियन सेक्युलर फ्रंट को एक-एक सीट मिली थी, जबकि कांग्रेस और वाम दलों का खाता भी नहीं खुल पाया था. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस बार भी मुकाबला मुख्य रूप से टीएमसी और भाजपा के बीच ही सिमटा रहेगा. जहां टीएमसी ममता बनर्जी के नेतृत्व और अपने सामाजिक कल्याण कार्यक्रमों के सहारे चुनावी मैदान में उतरेगी, वहीं भाजपा राज्य में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश करेगी. चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही राज्य में प्रचार अभियान भी तेज हो गया है. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या ममता बनर्जी एक बार फिर अपने नेतृत्व में टीएमसी को जीत दिला पाती हैं या भाजपा इस बार कोई बड़ा उलटफेर करने में सफल होती है.

About the Author

authorimg

Manish Kumar

बिहार, उत्‍तर प्रदेश और दिल्‍ली से प्रारंभिक के साथ उच्‍च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्‍ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्‍लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…और पढ़ें



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

spot_imgspot_img