Last Updated:
पश्चिम एशिया में तनाव से पूरी दुनिया प्रभावित हुई है. खासकर तेल और गैस की आपूर्ति पर बुरा प्रभाव पड़ा है. होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने का व्यापक असर पड़ रहा है. कई देशों में तेल और रसोई गैस की कीमतों को बढ़ा दिया गया है. अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आश्वासन दिया है कि इस संकट का बोझ आमलोगों पर नहीं पड़ने दिया जाएगा.
नोएडा में जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सरकार पश्चिम एशिया संकट से पैदा हुई समस्या का बोझ लोगों पर पड़ने नहीं देगी.
PM Modi on West Asia Crisis: अमेरिका और इजरायल ने जब ईरान पर अटैक किया था, तब इस बात का अंदाजा किसी को नहीं था कि यह एक ग्लोबल क्राइसिस में तब्दील हो जाएगा. दुनिया के विभिन्न हिस्सों में तेल और गैस की आपूर्ति बुरी तरह से प्रभावित हुई है. ऐसे में तमाम देश ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों की तलाश कर रहे हैं. इस महासंकट के दौरान अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के करोड़ों लोगों को बड़ा आश्वासन दिया है. देश की राजधानी दिल्ली से लगे उत्तर प्रदेश के नोएडा में जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार इस संकट का बोझ आमलोगों पर नहीं पड़ने देंगे. बता दें कि ईरान जंग के बाद एनर्जी कॉरिडोर के नाम से मशहूर होर्मुज स्ट्रेट के बाधित होने से एनर्जी क्राइसिस की स्थिति पैदा हो गई है. पाकिस्तान समेत कई देशों में पेट्रोल-डीजल के साथ ही गैस की कीमतें बढ़ा दी गई हैं. वहीं, भारत में ऐसा कोई कदम नहीं उठाया गया है.
जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि संकट के इस समय में भी भारत ने अपने विकास को जारी रखा है. उन्होंने कहा कि इस वक्त हमलोगों को एकजुट रहना है. बता दें कि ईरान जंग के चलते होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों का आना-जाना काफी कम हो गया है. इससे भारत आने वाले ऑयल और गैस टैंकर की आवाजाही भी प्रभावित हुई है. हालांकि, कुछ जहाज अभी भी ईंधन और गैस लेकर भारत पहुंच रहे हैं. दूसरी तरफ, अर्जेंटिना और रूस से भी तेल और गैस आयात किए जा रहे हैं. इसके चलते भारत की करोड़ों लोगों पर अभी तक किसी तरह का कोई खास विपरीत प्रभाव नहीं पड़ा है. अब पीएम मोदी ने नोएडा से देश की जनता को आश्वस्त किया है कि वेस्ट एशिया क्राइसिस का बोझ जनता पर नहीं पड़ने दिया जाएगा.
मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी हब
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि एयरपोर्ट के अलावा नोएडा का यह क्षेत्र देश के दो बड़े फ्रेट कॉरिडोर्स का भी हब बन रहा है. ये फ्रेट कॉरिडोर मालगाड़ियों के लिए बिछाई गई स्पेशल पटरियां हैं. इससे उत्तर भारत की बंगाल और गुजरात के समंदर से कनेक्टिविटी बेहतर हो गई है. उन्होंने कहा कि दादरी वह स्थान है, जहां यह दोनों कॉरिडोर आपस में मिलते हैं. यानी यहां किसान जो उगाते हैं, यहां उद्योग जो कुछ बनाते हैं, वह जमीन से हवाई मार्ग से दुनिया के कोने-कोने तक तेजी से जा पाएगा. ऐसी मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी के कारण यूपी दुनिया भर के निवेशकों के लिए बहुत बड़ा आकर्षण बन रहा है. पीएम मोदी ने आगे कहा कि नोएडा को पहले अंधविश्वास के कारण अपने हाल पर छोड़ दिया गया था. कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे. मुझे याद है यहां की सपा सरकार थी. मैंने नोएडा आने का कार्यक्रम बनाया तो मुख्यमंत्री इतने डरे हुए थे कि वो उस कार्यक्रम में नहीं आए और मुझे भी लोगों ने कोशिश की कि नोएडा मत जाओ मोदी जी अभी-अभी प्रधानमंत्री बने हो.
About the Author

बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…और पढ़ें





