बिहार के नवादा में रामनवमी जुलूस के दौरान भड़की हिंसा, पथराव-आगजनी में कई घायल


बिहार के नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र स्थित पुरानी बाजार में शनिवार रात को रामनवमी जुलूस के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों के बीच आपसी झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कुछ लोगों द्वारा पत्थरबाजी शुरू कर दी गई, जिससे इलाके में तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया।

जानकारी के अनुसार प्रखंड मुख्यालय रोह में शनिवार रात को रामनवमी के मौके पर शोभायात्रा निकाली जा रही थी। इस दौरान शोभायात्रा का रूट निचली बाजार से दुर्गा स्थान की ओर रखा गया। जब बाजार से शोभायात्रा गुजर रही थी, तभी जामा मस्जिद के पास एक गली से किसी शरारती तत्व ने शोभायात्रा पर पथराव कर दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। वहां पर मौजूद थानाध्यक्ष राहुल अभिषेक ने स्थिति को काबू में करने की कोशिश की लेकिन स्थिति बेकाबू हो गई।

पुलिसकर्मियों की सुझबुझ से कुछ देर बाद माहौल शांत हो गया। इसके बाद फिर पुलिसकर्मी वहां से रामनवमी शोभायात्रा को आगे बढ़ाने में जुट गए। इसी बीच एक बार फिर पथराव कर दिया गया। इससे शोभायात्रा में शामिल लोग चोटिल हो गए। उन्हें तुरंत रोह स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

इसके बाद देखते ही देखते कुछ उपद्रवियों ने सड़क किनारे लगे एक ठेले में आग लगा दी, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो गई। हालांकि, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अग्निशमन दल को बुलाया, जिसने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सदर-1 हुलास कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लिया। अधिकारियों ने इलाके का निरीक्षण कर स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस-प्रशासन द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटना में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य उपलब्ध वीडियो साक्ष्यों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है लेकिन एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रहा है।



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

spot_imgspot_img