Last Updated:
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने कैलिफोर्निया के वेंडेनबर्ग स्पेस फोर्स बेस से Minuteman-III इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया. ‘डूम्सडे मिसाइल’ कहलाने वाली यह ICBM हजारों किलोमीटर दूर तक हमला कर सकती है. अमेरिकी सेना ने इसे नियमित परीक्षण बताया, लेकिन ईरान के साथ जारी संघर्ष के बीच इस लॉन्च को शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है.
अमेरिका ने मिनटमैन मिसाइल का टेस्ट किया. (सांकेतिक फोटो)
वॉशिंगटन: अमेरिका और ईरान की जंग चल रही है. इस युद्ध में अमेरिका को लगातार नुकसान उठाना पड़ रहा है. बृहस्पतिवार को ईरान ने इजरायल पर जोरदार हमला किया है. बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने अपनी सबसे ताकतवर परमाणु मिसाइलों में से एक का परीक्षण किया है. अमेरिका ने कैलिफोर्निया के तट से मिनटमैन-III इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) का परीक्षण लॉन्च किया. इस मिसाइल को अक्सर ‘डूम्सडे मिसाइल’ कहा जाता है, क्योंकि यह परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है और हजारों किलोमीटर दूर तक हमला कर सकती है. यह प्रलय लाने वाला हथियार कहा जाता है.
अमेरिकी स्पेस फोर्स के अनुसार यह मिसाइल कैलिफोर्निया के वेंडेनबर्ग स्पेस फोर्स बेस से मंगलवार रात करीब 11 बजे दागी गई. बिना परमाणु हथियार वाली इस मिसाइल का टेस्ट मॉडल GT-254 था, जिसने प्रशांत महासागर के ऊपर हजारों किलोमीटर की दूरी तय की और अंत में मार्शल आइलैंड्स के पास अपने तय लक्ष्य को सफलतापूर्वक भेद दिया. अमेरिकी सैन्य अधिकारियों का कहना है कि यह परीक्षण मिसाइल सिस्टम की क्षमता और विश्वसनीयता जांचने के लिए किया गया था. एयर फोर्स ग्लोबल स्ट्राइक कमांड के मुताबिक इस लॉन्च का उद्देश्य यह देखना था कि मिसाइल की सटीकता, तैयारियों और तकनीकी सिस्टम कितने प्रभावी हैं.
मिनटमैन मिसाइल की क्या है खासियत?
- मिसाइल का प्रकार: तीन-चरण वाली, सॉलिड-फ्यूल से चलने वाली बैलिस्टिक मिसाइल. सॉलिड फ्यूल के कारण इसे जल्दी लॉन्च किया जा सकता है, जो लिक्विड फ्यूल वाली मिसाइलों से बेहतर है.
- लंबाई: 18.3 मीटर
- व्यास: 5.5 फीट 1.67 मीटर
- वजन: लगभग 79,432 पाउंड्स
- रेंज: करीब 9,656 किलोमीटर.
- स्पीड: बर्नआउट पर करीब मैक 23 या 24,000 किमी/घंटा.
- ऊंचाई: 1,120 किलोमीटर तक.
- पेलोड: 1 से 3 री-एंट्री व्हीकल्स तक, जो अलग-अलग लक्ष्यों पर हमला कर सकते हैं.
- सटीकता: करीब 800 फीट (240 मीटर).
ईरान ने इजरायल को निशाना बनाकर हमला किया
वहीं दूसरी तरफ, अमेरिकी पनडुब्बी के एक ईरानी युद्धपोत को डुबोने की घटना के बाद ईरान ने बृहस्पतिवार तड़के युद्ध के छठे दिन इजराइल को निशाना बनाकर मिसाइल दागीं. ईरान ने पूरे क्षेत्र में सैन्य और आर्थिक बुनियादी ढांचे को नष्ट करने की धमकी भी दी है. इस हमले की इजराइल की ओर से घोषणा किए जाने से कुछ ही समय पहले उसकी सेना ने कहा कि उसने लेबनान में ईरान समर्थित हिजबुल्ला चरमपंथी समूह को निशाना बनाते हुए नए हमले शुरू कर दिए हैं. अमेरिका और इजराइल ने बुधवार को ईरान के सुरक्षा बलों और प्रशासनिक संस्थानों को निशाना बनाते हुए बमबारी तेज कर दी थी.
खामेनेई का शोक समारोह स्थगित किया गया
ईरान पर हमलों की तीव्रता इतनी भीषण थी कि सरकारी टेलीविजन ने घोषणा की कि संघर्ष की शुरुआत में मारे गए ईरानी सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के लिए आयोजित शोक समारोह को स्थगित करना होगा. अयातुल्ला अली खामेनेई के पूर्ववर्ती अयातुल्ला रुहोल्ला खोमैनी के अंतिम संस्कार में 1989 में लाखों लोग शामिल हुए थे. अमेरिका और इजराइल ने शनिवार को ईरान के प्रमुख नेतृत्व, मिसाइल भंडार और परमाणु कार्यक्रम को निशाना बनाते हुए युद्ध की शुरुआत की और यह संकेत दिया कि उनका लक्ष्य ईरान में सरकार को गिराना है सटीक लक्ष्य और समयसीमा में बार-बार बदलाव के कारण इस युद्ध के अनिश्चित काल तक जारी रहने की आशंका है.
(एजेंसी इनपुट के साथ)
About the Author

योगेंद्र मिश्र ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म में ग्रेजुएशन किया है. 2017 से वह मीडिया में जुड़े हुए हैं. न्यूज नेशन, टीवी 9 भारतवर्ष और नवभारत टाइम्स में अपनी सेवाएं देने के बाद अब News18 हिंदी के इंटरने…और पढ़ें





