तेहरान. पश्चिम एशिया में तेज़ी से बदलते हालात के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई रोकने का फैसला कई बड़े सवाल खड़े कर रहा है. क्या यह ईरान की बढ़ती ताकत के आगे अमेरिका का झुकना है, या फिर एक बड़ी रणनीतिक चाल? पहली नजर में यह फैसला ‘डी-एस्केलेशन’ यानी तनाव कम करने की कोशिश लग सकता है, लेकिन जियोपॉलिटिक्स में हर कदम के पीछे कई परतें होती हैं.
क्या यह सरेंडर है? ईरान ने हाल के दिनों में जिस तरह से आक्रामक रुख अपनाया, चाहे लंबी दूरी की मिसाइलों का इस्तेमाल हो, अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश हो, या पूरे क्षेत्र को अस्थिर करने की धमकी… उसने अमेरिका के लिए स्थिति को जटिल बना दिया. अगर ट्रंप ने अचानक जंग रोकने का आदेश दिया है, तो इसे एक तरह से यह संदेश भी माना जा सकता है कि ईरान को हल्के में लेना अब आसान नहीं रहा. खासकर तब, जब अमेरिकी हाई-टेक सिस्टम्स को भी लगातार चुनौती मिल रही हो.
यह एक ‘स्ट्रैटेजिक पॉज़’ है? दूसरा और ज्यादा मजबूत एंगल यह है कि यह कोई सरेंडर नहीं, बल्कि रणनीतिक विराम हो सकता है. अमेरिका अक्सर बड़े युद्ध से पहले अपने सैन्य संसाधनों को री-डिप्लॉय करता है, सहयोगियों (इजरायल, खाड़ी देश) के साथ तालमेल मजबूत करता है और दुश्मन की कमजोरियों को और गहराई से समझता है. ऐसे में जंग रोकने का मतलब यह भी हो सकता है कि वॉशिंगटन अभी खुद को ‘रीसेट’ कर रहा है, ताकि अगला वार और ज्यादा सटीक और घातक हो.
वैश्विक दबाव और आर्थिक गणित: इस फैसले के पीछे सिर्फ सैन्य कारण नहीं, बल्कि आर्थिक और वैश्विक दबाव भी हो सकते हैं. जैसे तेल की कीमतों में उछाल, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर खतरा और वैश्विक सप्लाई चेन का टूटना. इन सबने अमेरिका को सोचने पर मजबूर किया होगा कि क्या यह जंग फिलहाल जारी रखना उसके हित में है या नहीं.
ट्रंप की राजनीति भी अहम: डोनाल्ड ट्रंप का हर फैसला घरेलू राजनीति से भी जुड़ा होता है. दरअसल, लंबे युद्ध से अमेरिकी जनता थक चुकी है. सैनिकों की हताहत संख्या बढ़ने का खतरा भी अमेरिका के सामने है. चुनावी समीकरण को भी ट्रंप ध्यान में रख रहे हैं. ऐसे में ‘जंग रोकना’ एक पॉलिटिकल मैसेज भी हो सकता है कि ट्रंप ‘शांति लाने वाले नेता’ हैं, भले ही बैकग्राउंड में सैन्य तैयारी जारी रहे.
सरेंडर नहीं, साइलेंट गेम? साफ शब्दों में कहें तो इसे सीधे-सीधे सरेंडर कहना जल्दबाजी होगी. यह ज्यादा संभव है कि अमेरिका दबाव में है, लेकिन पीछे हटकर नई रणनीति बना रहा है. यानी जंग रुकी है, खत्म नहीं हुई. अभी यह तूफान से पहले की खामोशी भी हो सकती है. असली सवाल यही है कि क्या यह शांति की शुरुआत है या अगले बड़े टकराव की तैयारी?





