आजमगढ़: अगर आप खाने के साथ कुछ चटपटा और जायकेदार खाने के शौकीन हैं, तो आप जरूर अपने भोजन के साथ अचार खाना पसंद करते होंगे. ऐसे में आज हम आपको एक ऐसे अचार के बारे में बताने जा रहे हैं, जो स्वाद में चटपटा होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद होता है. सबसे खास बात यह है कि इसे आप घर पर आसानी से तैयार कर सकते हैं. हम बात कर रहे हैं सहजन (मोरिंगा) के अचार की, जो खाने के स्वाद में चार चांद लगाने के साथ-साथ शरीर के लिए भी बेहद लाभकारी है.
पोषण का खजाना है सहजन
सहजन का अचार पोषण का खजाना माना जाता है. इसे खाने से हड्डियां मजबूत होती हैं, शरीर की कमजोरी दूर होती है और डायबिटीज व ब्लड प्रेशर जैसी समस्याओं से भी राहत मिल सकती है. सहजन का अचार घर पर बनाने के लिए सबसे पहले कुछ सामग्री इकट्ठा करनी होगी. इसके लिए सहजन की फली लेकर उसे धूप में सुखा लें और छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. इसके अलावा सरसों का तेल, कलौंजी, मेथी दाना, सौंफ, लहसुन, धनिया, गरम मसाला पाउडर, हींग, लाल मिर्च, नमक, हल्दी पाउडर, अमचूर पाउडर और गन्ने का सिरका आवश्यक होगा.
कैसे बनाएं सहजन का आचार
इसे बनाने के लिए सबसे पहले कढ़ाई या पैन को गैस पर रखें और उसमें सरसों के दाने, कलौंजी, मेथी दाना और सौंफ डालकर 2-3 मिनट तक हल्का भून लें. इसके बाद इन्हें ठंडा करके मिक्सी में पीस लें. अब कटे हुए सहजन में यह मसाला डालें और उसमें लहसुन, धनिया पाउडर, गरम मसाला, हींग, लाल मिर्च पाउडर और नमक मिलाकर अच्छी तरह मिक्स करें. इसके बाद हल्दी और अमचूर पाउडर डालकर फिर से अच्छे से मिला लें.
अब इसमें गर्म किया हुआ सरसों का तेल धीरे-धीरे डालते हुए सभी सामग्री को अच्छी तरह से मिक्स करें. मिश्रण तैयार हो जाने के बाद इसमें गन्ने का सिरका डालें और फिर से अच्छे से मिला लें. इसके बाद इस अचार को कांच या प्लास्टिक के जार में भरकर 2 से 3 दिनों तक धूप में रखें.
सहजन सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद
दो से तीन दिनों में आपका सहजन का अचार पूरी तरह तैयार हो जाएगा. आप इसे अपने खाने के साथ खा सकते हैं. यह न केवल आपके भोजन का स्वाद बढ़ाएगा, बल्कि सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद साबित होगा.





