डोंगरगढ़ फिजिकल अकैडमी एक बार फिर सुर्खियों में है! सुविधाओं के अभाव में भी यहां के युवाओं ने पुलिस, आर्मी, एसएससी और नगर सेना जैसे पदों पर शानदार चयन हासिल किया है। सीमित संसाधनों के बावजूद 12 युवाओं की यह सफलता पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ा रही है।
अकैडमी संचालक चंदन लारोकर बताते हैं—पिछले दो साल से युवाओं को मुफ्त प्रशिक्षण दिया जा रहा है। दौड़, फिटनेस और लिखित परीक्षा की तैयारी हो रही है, लेकिन गद्दा, गोला, डंबल, पैराशूट किट जैसी सामग्री की कमी चुनौती बन गई है। अनुमानित लागत—3 लाख रुपये।
भाजपा नेता विवेक मोनू भंडारी ने पहल की और पूर्व सांसद मधुसूदन यादव से मुलाकात कराई। यादव ने युवाओं की परेशानी सुनी, नगर पालिका अध्यक्ष रमन डोंगरे को निर्देश दिए—जल्द संसाधन उपलब्ध कराएं!
सफल अभ्यर्थी खेमचंद ठाकुर, राहुल कोर्रम, आयुष यदु समेत सभी ने पूर्व सांसद का आभार माना। अब उम्मीद है कि बेहतर सुविधाओं से अकैडमी और ज्यादा युवाओं को रोजगार दिलाएगी।





