Last Updated:
दिल्ली एयरपोर्ट ने स्काईट्रैक्स वर्ल्ड एयरपोर्ट अवॉर्ड्स 2026 में लगातार आठवीं बार भारत और दक्षिण एशिया का सर्वश्रेष्ठ एयरपोर्ट बनने का खिताब हासिल किया है. साथ ही, इसकी वैश्विक रैंकिंग सुधरकर 28वें स्थान पर पहुंच गई है, जो भारत के लिए बड़ी उपलब्धि है.
8वीं बार आईजीआई एयरपोर्ट को बेस्ट एयरपोर्ट का खिताब मिला है.
Delhi IGI Airport: दिल्ली का इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट एक बार फिर वैश्विक मंच पर भारत का नाम रोशन करने में सफल रहा है. स्काईट्रैक्स वर्ल्ड एयरपोर्ट अवॉर्ड्स 2026 में दिल्ली एयरपोर्ट को लगातार आठवीं बार ‘भारत और दक्षिण एशिया का सर्वश्रेष्ठ एयरपोर्ट’ चुना गया है. इसके साथ ही एयरपोर्ट ने अपनी ग्लोबल रैंकिंग में भी सुधार करते हुए 2025 के 32वें स्थान से छलांग लगाकर 2026 में 28वां स्थान हासिल कर लिया है.
दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) द्वारा ऑपरेट होने वाला यह एयरपोर्ट दुनिया के टॉप 30 एयरपोर्ट्स में शामिल होने वाला भारत का एकमात्र एयरपोर्ट बन गया है. यही नहीं, 7 करोड़ से अधिक यात्रियों की श्रेणी में भी आईजीआई एयरपोर्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनिया के टॉप 10 एयरपोर्ट्स में तीसरा स्थान हासिल किया है. पिछले साल यह आठवें स्थान पर था, जिससे इसकी रैंकिंग में बड़ा सुधार दर्ज हुआ है.
- स्काईट्रैक्स द्वारा दिए जाने वाले ये अवॉर्ड्स दुनिया भर के यात्रियों के फीडबैक के आधार पर तय किए जाते हैं. इस सर्वे में 100 से अधिक देशों के यात्रियों की राय शामिल होती है.
- सात महीने तक एयरपोर्ट की सुविधाओं, सर्विस क्वालिटी और पैसंजर एक्सपीरियंस जैसे अहम पहलुओं का मूल्यांकन किया जाता है.
- इस साल ये अवॉर्ड्स लंदन में आयोजित पैसेंजर टर्मिनल एक्सपो के दौरान घोषित किए गए.
- दिल्ली एयरपोर्ट को इस बार भारत और दक्षिण एशिया का दूसरा सर्वश्रेष्ठ एयरपोर्ट स्टाफ और दुनिया का सातवां सर्वश्रेष्ठ लेओवर एयरपोर्ट’ जैसे सम्मान भी मिले हैं.
- इससे यह साफ होता है कि न सिर्फ इंफ्रास्ट्रक्चर बल्कि यात्रियों को मिलने वाली सेवाओं और स्टाफ की कार्यशैली में भी लगातार सुधार हुआ है.
यह सम्मान एयरपोर्ट की विश्वस्तरीय सेवाओं और लगातार सुधार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है. साथ ही, यह उपलब्धि यात्रियों, साझेदारों और कर्मचारियों के सहयोग का नतीजा है, जिनकी बदौलत दिल्ली एयरपोर्ट लगातार नए मानक स्थापित कर रहा है.– विदेह कुमार जयपुरीआर, सीईओ, दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड
वैश्विक स्तर पर ट्रांजिट हब बना दिल्ली एयरपोर्ट
डायल के अनुसार, दिल्ली एयरपोर्ट पिछले कुछ वर्षों से आधुनिक तकनीकों, डिजिटल सेवाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार पर लगातार निवेश कर रहा है. इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में भी कई पहल की गई हैं. यही वजह है कि यह एयरपोर्ट न केवल भारत बल्कि वैश्विक स्तर पर एक प्रमुख ट्रांजिट हब के रूप में उभर रहा है, जो दक्षिण-पूर्व एशिया को यूरोप और उत्तरी अमेरिका से जोड़ने में अहम भूमिका निभा रहा है.
About the Author

Anoop Kumar Mishra is associated with News18 Digital for the last 6 years and is working on the post of Assistant Editor. He writes on Health, aviation and Defence sector. He also covers development related to …और पढ़ें





