Last Updated:
Pregnancy me Paneer: प्रेग्नेंसी में पनीर खाना पूरी तरह सुरक्षित और फायदेमंद है, क्योंकि यह प्रोटीन और कैल्शियम का अच्छा सोर्स है. डॉक्टर सोनाली गुप्ता के अनुसार प्रेग्नेंट महिलाओं को कच्चे पनीर के सेवन से बचना चाहिए, क्योंकि इसमें लिस्टेरिया बैक्टीरिया का खतरा होता है. हमेशा ताजा पनीर को अच्छी तरह पकाकर ही खाएं.
डॉक्टर की मानें तो प्रेग्नेंसी में कच्चा पनीर अवॉइड करना चाहिए और इसे हमेशा पकाकर खाना चाहिए.
Pregnancy Health Tips: प्रेग्नेंसी में खान-पान का विशेष ध्यान रखना चाहिए, क्योंकि छोटी सी लापरवाही भी गर्भ में पल रहे बच्चे को नुकसान पहुंचा सकती है. प्रेग्नेंट महिलाओं के मन में खान-पान को लेकर कई सवाल होते हैं, जिनमें एक पनीर को लेकर है. दूध से बना हुआ पनीर कैल्शियम और प्रोटीन का अच्छा सोर्स माना जाता है, लेकिन अक्सर यह सवाल उठता है कि क्या प्रेग्नेंसी में पनीर खा सकते हैं? हेल्थ एक्सपर्ट्स मानते हैं कि प्रेग्नेंसी में पनीर का सेवन सेहत के लिए बहुत फायदेमंद हो सकता है, लेकिन इसे सही तरीके से और सही मात्रा में खाना चाहिए. पनीर खाते वक्त कुछ गलतियों से बचना भी जरूरी है.
क्या प्रेग्नेंसी में पनीर खा सकते हैं | Can We Eat Paneer During Pregnancy
ग्रेटर नोएडा के ब्लिस आईवीएफ एंड गायनी केयर सेंटर की गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. सोनाली गुप्ता ने News18 को बताया कि गर्भावस्था में पनीर खाना फायदेमंद होता है और सभी महिलाओं को इसका सेवन करना चाहिए. पनीर में प्रोटीन और कैल्शियम की अच्छी मात्रा होती है. बढ़ते भ्रूण की हड्डियों और दांतों के विकास के लिए कैल्शियम जरूरी है और पनीर इसका एक बेहतरीन सोर्स है. पनीर में विटामिन B12 और फास्फोरस भी पाया जाता है, जो महिलाओं के एनर्जी लेवल बेहतर रखने और मांसपेशियों के निर्माण में मदद करते हैं. यह शाकाहारी महिलाओं के लिए प्रोटीन की कमी को पूरा करने का सबसे आसान विकल्प है.
पनीर खाते वक्त क्या सावधानी बरतें | Precautions to Take While Eating Paneer
डॉक्टर सोनाली ने साफ कहा है कि पनीर प्रेग्नेंसी में फायदेमंद होता है, लेकिन इसे हमेशा अच्छी तरह पकाकर ही खाना चाहिए. कच्चा पनीर खाना प्रेग्नेंसी में जोखिम भरा हो सकता है. कच्चे या बिना पाश्चरीकृत दूध से बने पनीर में लिस्टेरिया नामक बैक्टीरिया होने का खतरा रहता है. लिस्टेरिया संक्रमण गर्भवती महिला के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है, जिससे गर्भपात या समय से पहले डिलीवरी जैसी जटिलताएं पैदा हो सकती हैं. इसलिए हमेशा सलाह दी जाती है कि पनीर को कच्चा खाने के बजाय उसे अच्छी तरह पकाकर खाएं. अगर इसे खाने से कोई परेशानी महसूस हो, तो इसका सेवन तुरंत बंद कर दें.
मिलावटी पनीर के सेवन से बचें | Must Avoid Adulterated Paneer
एक्सपर्ट की मानें तो पनीर का सेवन करते समय उसकी ताजगी और क्वालिटी का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है. बाजार में मिलने वाला खुला पनीर अक्सर मिलावटी हो सकता है या उसमें हाइजीन की कमी हो सकती है. हमेशा भरोसेमंद डेयरी या पैकेट बंद पाश्चरीकृत पनीर ही खरीदें और उसकी एक्सपायरी डेट जरूर चेक करें. अगर पनीर का स्वाद थोड़ा भी खट्टा लगे या उसकी महक बदली हुई हो, तो उसे बिल्कुल न खाएं. घर पर बना ताजा पनीर प्रेग्नेंसी के दौरान सबसे सुरक्षित और सेहतमंद विकल्प माना जाता है, क्योंकि इसमें किसी भी तरह के प्रिजर्वेटिव्स नहीं होते.
About the Author

अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें





