आज के समय में सिनेमा समाज के मुद्दों को सामने लाने का जरिया बन चुका है, ऐसे में कुछ फिल्में ऐसी होती हैं, जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर देती हैं। इसी कड़ी में फिल्म ‘आखिरी सवाल’ का टीजर सामने आया है, जिसने रिलीज होते ही लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
टीजर की शुरुआत एक तनावपूर्ण माहौल के साथ होती है, जहां एक युवा छात्र विक्की को दिखाया जाता है। वह बेहद होशियार है, लेकिन उसके स्वभाव में गुस्सा और बेचैनी साफ नजर आती है। उसके रिसर्च को प्रोफेसर ने रिजेक्ट कर दिया है। इसके बाद कहानी में एक टकराव शुरू होता है, जहां विक्की अपने गुरु प्रोफेसर गोपाल नाडकर्णी पर पक्षपात का आरोप लगाता है।
टीजर में दोनों के बीच तीखी बहस दिखाई जाती हैं, जो आगे चलकर एक बड़े विवाद का रूप ले लेती है।
जैसे-जैसे टीजर आगे बढ़ता है, यह निजी विवाद एक बड़े मंच तक पहुंच जाता है। प्राइवेट एकेडमिक से शुरू हुआ यह मामला नेशनल टीवी डिबेट का हिस्सा बन जाता है, जहां विक्की सिस्टम, इतिहास और समाज से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाता नजर आता है। टीजर में कई ऐसे डायलॉग्स होते हैं, जो सीधे दर्शकों के दिल और दिमाग पर असर डालते हैं।





