Last Updated:
Palamu Best Tourist Spot: झारखंड के पलामू में सतबरवा का मलय डैम गर्मी में बड़ा पिकनिक स्पॉट बन गया है. यहां बोटिंग की सुविधा, पैंडल बोट 50 और मोटर बोट 100 रुपये प्रति व्यक्ति किराया है.
पलामू: झारखंड के पलामू जिले में गर्मी का असर बढ़ते ही लोग सुकून और ठंडक की तलाश में प्राकृतिक स्थलों की ओर रुख कर करने लगते हैं. शहर की भीड़भाड़ और दिनभर की भागदौड़ से दूर शाम के समय लोग ऐसी जगह जाना पसंद करते हैं. जहां शांत वातावरण के साथ प्राकृतिक सुंदरता का आनंद मिल सके. पलामू जिले के मेदिनीनगर से करीब 30 किलोमीटर दूर सतबरवा प्रखंड में स्थित मलय डैम इन दिनों लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. सात पहाड़ियों से घिरा यह डैम भीषण गर्मी में भी ठंडी हवा और सुकून भरा माहौल प्रदान करता है. यही वजह है कि हर दिन बड़ी संख्या में लोग यहां सैर करने और प्रकृति के बीच समय बिताने पहुंच रहे हैं.
गर्मी का मौसम शुरू होते ही ग्रीष्मकालीन छुट्टियों की भी तैयारी शुरू हो गई है. ऐसे में लोग नई-नई जगहों पर घूमने का प्लान बना रहे हैं. अगर इस गर्मी में आप पलामू घूमने आए हैं और नौका विहार का आनंद लेना चाहते हैं तो मलय डैम एक बेहतरीन विकल्प है. यहां सुबह से शाम तक नौका विहार की सुविधा उपलब्ध रहती है. हालांकि भीषण गर्मी को देखते हुए दोपहर के समय कुछ घंटों के लिए बोटिंग बंद कर दी जाती है. इसके बावजूद सुबह और शाम के समय पर्यटकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिलती है. डैम का शांत पानी और चारों ओर फैली हरियाली लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है.
यहां जानें बोट का किराया
यहां के नौका चालक आनंद कुमार ने बताया कि नवंबर से मार्च तक यहां पर्यटकों की सबसे ज्यादा भीड़ रहती है, लेकिन गर्मी के मौसम में भी दूर-दूर से लोग घूमने पहुंचते हैं. उन्होंने बताया कि यहां दर्जनों पैंडल और मोटर बोट उपलब्ध हैं. पर्यटकों के लिए 4 सीटर और 8 सीटर बोट की व्यवस्था की गई है. अगर एक परिवार में अधिक लोग होते हैं तो उन्हें 8 सीटर मोटर बोट से डैम के टापू के एक छोर से दूसरे छोर तक 15 मिनट से आधे घंटे तक घुमाया जाता है. पैंडल बोट का किराया 50 रुपये प्रति व्यक्ति और मोटर बोट का किराया 100 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित है, जो लोगों को काफी सस्ता और सुलभ लगता है.
जानें पर्यटक ने क्या कहा
यहां के पर्यटकों ने बताया कि मलय डैम बेहद खूबसूरत और शांत जगह है. जब भी वह सुकून की तलाश में होते हैं, यहां आकर घंटों समय बिताते हैं. उन्होंने कहा कि इस डैम की खास बात यह है कि गर्मी के मौसम में भी पानी नहीं सूखता और लोग आराम से नौका विहार का आनंद ले सकते हैं. बोटिंग के दौरान डैम के बीच पहुंचने पर चारों ओर पहाड़ियों और पानी का दृश्य एक अलग ही अनुभव देता है. यही वजह है कि मलय डैम पलामू प्रमंडल का प्रमुख पिकनिक स्पॉट बनता जा रहा है.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत डेस्क, दैनिक भास्कर डिजिटल डेस्क के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से News.in में सीनियर कंटें…और पढ़ें





