Last Updated:
अमेरिकी पनडुब्बी के जरिए ईरानी युद्धपोत को टॉरपीडो से डुबोने की घटना को सैन्य इतिहास में बड़ी घटना माना जा रहा है. कहा जा रहा है कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद पहली बार अमेरिकी सबमरीन ने किसी दुश्मन जहाज को इस तरह नष्ट किया है. आइए जानें जब आखिरी बार अमेरिकी पनडुब्बी ने किसी जहाज को डुबोया था.
अमेरिकी पनडुब्बी ने 80 साल पहले उड़ाया था जहाज.
वाशिंगटन: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका की एक पनडुब्बी ने ईरानी युद्धपोत को टॉरपीडो से डुबो दिया है. इसमें कम से कम 100 लोग मारे गए. यह कोई आम घटना नहीं है, बल्कि सैन्य इतिहास में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि यह द्वितीय विश्व युद्ध के बाद पहली बार है जब अमेरिकी पनडुब्बी ने किसी दुश्मन जहाज को टॉरपीडो से डुबोया है. लेकिन सवाल है कि आखिरी बार अमेरिका ने किसी देश के जहाज को कब डुबोया था. इसके लिए इतिहास में लगभग 80 साल पीछे, यानी 1945 तक जाना पड़ेगा.
जापान के जहाज डुबोए गए
द्वितीय विश्व युद्ध के अंतिम दिनों में प्रशांत महासागर में अमेरिकी पनडुब्बियां जापानी नौसेना के बचे हुए जहाजों को लगातार निशाना बना रही थीं. जापान पहले ही परमाणु हमलों और सैन्य हार से कमजोर हो चुका था, इसलिए उसके जहाज अमेरिकी पनडुब्बियों के लिए आसान लक्ष्य बन गए थे. 14 अगस्त 1945 को, जिस दिन अमेरिका के राष्ट्रपति हैरी ट्रूमैन ने जापान के आत्मसमर्पण की घोषणा की, उसी दिन अमेरिकी पनडुब्बियों ने जापान के कई जहाजों को डुबो दिया था.





