Iran US War | Donald Trump Iran War | मोजतबा खामेनेई जिंदा हैं या हो गई मौत, किस हाल में हैं ईरानी सुप्रीम लीडर? डोनाल्ड ट्रंप ने किया नया दावा


ईरान की अमेरिका और इजरायल के खिलाफ जारी जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा और चौंकाने वाला दावा किया है. ट्रंप ने कहा कि ईरान के शीर्ष नेतृत्व को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है, जिससे तेहरान में सत्ता को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है. उन्होंने यहां तक कह दिया कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर (मोजतबा खामेनेई) अब जीवित नहीं हैं और देश का नेतृत्व ढांचा लगभग ध्वस्त हो चुका है.

मियामी में आयोजित फ्यूचर इन्वेस्टमेंट इनिशिएटिव समिट में बोलते हुए ट्रंप ने कहा, ‘उनका सुप्रीम लीडर अब सुप्रीम नहीं रहा, वह मर चुका है.’ उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान के अन्य बड़े नेता भी मारे जा चुके हैं. ट्रंप के मुताबिक, नए उत्तराधिकारी मोजतबा खामेनेई की स्थिति भी स्पष्ट नहीं है और संभव है कि वह या तो मारे गए हों या गंभीर रूप से घायल हों.

‘ईरानी एयर डिफेंस और कम्युनिकेशन सिस्टम तबाह’

ट्रंप ने अपने संबोधन में ईरान की सैन्य स्थिति पर भी तीखी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि ईरान की एयर डिफेंस और कम्युनिकेशन सिस्टम पूरी तरह तबाह हो चुके हैं. उन्होंने तंजिया लहजे में कहा, ‘उनके सारे नेता मारे गए हैं, बाकी सब ठीक चल रहा है.’
अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि अमेरिकी सैन्य कार्रवाई उम्मीद से कहीं ज्यादा प्रभावी रही है और ईरान की सैन्य ताकत को भारी नुकसान पहुंचा है. उनके अनुसार, ईरान की नौसेना पूरी तरह खत्म हो चुकी है और उसकी वायुसेना भी पूरी तरह निष्क्रिय हो गई है. ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सेना लगातार मिसाइल भंडार, ड्रोन और हथियार बनाने वाली फैक्ट्रियों को निशाना बना रही है.

मोजतबा को लेकर सस्पेंस बरकरार

गौरतलब है कि 28 फरवरी को हुए हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद तेहरान ने उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को नया सुप्रीम लीडर घोषित किया था. हालांकि, मोजतबा की मौजूदा स्थिति को लेकर अब भी संशय बना हुआ है. वह सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं और अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि वह युद्ध के दौरान घायल हो सकते हैं.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड और अन्य सैन्य इकाइयां बिना स्पष्ट केंद्रीय नेतृत्व के काम कर रही हैं, जिससे स्थिति और जटिल हो गई है. इससे देश के भीतर सत्ता संतुलन को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.

इस बीच ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान अब बातचीत के लिए आगे आ रहा है. उन्होंने कहा, ‘वे बातचीत कर रहे हैं, वे समझौते के लिए गुहार लगा रहे हैं.’ हालांकि, ईरान की ओर से इस तरह के किसी भी दावे की पुष्टि नहीं की गई है.

28 फरवरी से शुरू हुआ ईरान युद्ध अब दूसरे महीने में प्रवेश कर चुका है. ऐसे में ट्रंप के ये दावे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई बहस और तनाव को जन्म दे सकते हैं, खासकर तब जब जमीनी हकीकत को लेकर अभी भी कई सवाल अनुत्तरित हैं.



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

spot_imgspot_img