ईरान के सैन्य मुख्यालय खातम अल-अनबिया के प्रवक्ता ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उन दावों का मजाक उड़ाया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका ईरान के साथ बातचीत कर रहा है और युद्ध समाप्त होने वाला है। बुधवार को एक मीडिया पोस्ट में साझा किए गए वीडियो में सैन्य प्रवक्ता ने कहा कि हालत वहां पहुंच गई है, जहां अमेरिकी आपस में ही बातचीत कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो संदेश में सैन्य मुख्यालय के प्रवक्ता इब्राहीम जुल्फिकारी ने पश्तो में बयान दिया है। इसके अनुवाद के मुताबिक उन्होंने कहा, ‘जिस रणनीतिक शक्ति का आप कभी बखान करते थे, वह अब रणनीतिक पराजय में बदल गई है। अपनी पराजय को ‘समझौते’ का नाम मत दीजिए। आपके वादों का युग समाप्त हो चुका है। आज दुनिया में दो मोर्चे हैं- सत्य और असत्य। कोई भी स्वतंत्रता-प्रेमी सत्य की खोज करने वाला आपके मीडिया प्रचार के झांसे में नहीं आएगा। आपके आंतरिक संघर्ष इस हद तक बढ़ चुके हैं कि आप आपस में ही बातचीत कर रहे हैं। इस क्षेत्र में आपके निवेश की कोई बात नहीं होगी, और न ही आप ऊर्जा और तेल की पुरानी कीमतें फिर कभी देख पाएंगे, जब तक यह नहीं समझ लेते कि इस क्षेत्र में स्थिरता केवल हमारी सशस्त्र सेनाओं की शक्तिशाली पकड़ से ही सुनिश्चित की जा सकती है।’





