ईरान थमा नहीं, क्यूबा पर चढ़ने की तैयारी कर रहे ट्रंप, राष्ट्रपति डियाज कैनल की विदाई का वक्त आ गया?


Last Updated:

US Next Target Cuba: ईरान युद्ध में उलझा अमेरिका यहां जंग से निकलने की तैयारी कर रहा है, हालांकि इसी बीच उसने अपना पुराना टार्गेट फिर सेट कर लिया है. डोनाल्ड ट्रंप वेनेजुएला के बाद ही क्यूबा पर दबाव बनाने की तैयारी में थे, लेकिन वो ईरान में उलझ गए, एक बार फिर वहां के राष्ट्रपति को हटाने का दबाव बनाया जा रहा है, तो क्या वही ट्रंप के अगले टार्गेट हैं?

ख़बरें फटाफट

Zoom

क्यूबा के राष्ट्रपति डियाज कैनल. (Reuters)

डोनाल्ड ट्रंप की ओर से क्यूबा के नेतृत्व में बदलाव की बात किए जाने के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि मौजूदा राष्ट्रपति मिगेल डियाज कैनल की जगह कौन ले सकता है. साल 2018 में राउल कास्त्रो ने डियाज कैनल को अपना उत्तराधिकारी बनाया था. 1959 की क्रांति के बाद वह पहले ऐसे नेता हैं जिनके नाम के आगे कास्त्रो नहीं है. हालांकि उनके कार्यकाल के अभी दो साल बाकी हैं, लेकिन कई विशेषज्ञ और क्यूबा के लोग मानते हैं कि वह शायद अपना कार्यकाल पूरा न कर पाएं.

आपको बता दें कि 1959 की क्यूबा क्रांति के बाद फिदेल कास्त्रो ने सत्ता संभाली और क्यूबा को समाजवादी देश बना दिया. इसके बाद अमेरिका और क्यूबा के रिश्ते खराब हो गए, क्योंकि अमेरिका पूंजीवादी है और क्यूबा समाजवादी. क्यूबा, अमेरिका के बहुत पास है, इसलिए अमेरिका नहीं चाहता कि वहां कोई ऐसा शासन हो जो उसके खिलाफ हो या उसके दुश्मनों का समर्थन करे. 1962 में सोवियत संघ ने क्यूबा में मिसाइलें तैनात कर दी थीं, जिससे अमेरिका को बड़ा खतरा महसूस हुआ. इसके बाद से अमेरिका क्यूबा को लेकर और ज्यादा सतर्क हो गया. अब वो यहां पर ऐसा शख्स सत्ता में चाहता है, जो उसके पक्ष में हो. यही वजह है कि दो नाम सामने आ रहे हैं, चलिए जानते हैं इनके बारे में –

कौन हैं ऑस्कर ओलिवा फ्रागा?

  • एक्सपर्ट्स बताते हैं कि कास्त्रो परिवार के दो सदस्यों के नाम संभावित उत्तराधिकारी के रूप में सामने आ रहे हैं. पहला नाम ऑस्कर पेरेज ओलिवा फ्रागा का है, जो राउल कास्त्रो के रिश्तेदार हैं.
  • उन्होंने हाल के वर्षों में तेजी से राजनीति में उभरते हुए मई, 2024 में विदेश व्यापार मंत्री और अक्टूबर में उप-प्रधानमंत्री का पद संभाला. उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है और पहले व्यापार से जुड़े पदों पर काम किया है हाल ही में उन्हें क्यूबा की नेशनल असेंबली का सदस्य भी बनाया गया, जो राष्ट्रपति बनने के लिए जरूरी होता है.
  • विशेषज्ञों का कहना है कि वे एक टेक्नोक्रेट हैं और आर्थिक सुधारों के लिए काम कर सकते हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में यह भी माना कि देश की समस्याएं सिर्फ अमेरिकी प्रतिबंधों के कारण नहीं, बल्कि आंतरिक कमियों के कारण भी हैं.

राउल गुइलेर्मो रोड्रिगुएज कास्त्रो कौन?

  • दूसरा नाम राउल गुइलेर्मो रोड्रिगुएज कास्त्रो का है, जो राउल कास्त्रो के पोते हैं और राउलितो के नाम से जाने जाते हैं. उन्होंने कभी सरकारी पद नहीं संभाला, लेकिन अपने दादा के बॉडीगार्ड रहे और बाद में सुरक्षा एजेंसी के प्रमुख बने. हाल ही में वह चर्चा में आए जब उन्होंने गुप्त रूप से अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुलाकात की.
  • विशेषज्ञों का मानना है कि वह कास्त्रो परिवार और अमेरिका के बीच संपर्क की कड़ी हो सकते हैं, लेकिन उनका कास्त्रो नाम उन्हें राष्ट्रपति बनने से रोक सकता है क्योंकि इससे बदलाव की छवि नहीं बनेगी.

क्या हैं क्यूबा के हालात?

क्यूबा में असली शक्ति सरकार या पार्टी में नहीं, बल्कि सेना में है, जिस पर अब भी राउल कास्त्रो का प्रभाव है. 94 वर्षीय कास्त्रो अभी भी देश के सबसे ताकतवर व्यक्ति माने जाते हैं. इस बीच, क्यूबा की आर्थिक स्थिति खराब होती जा रही है. अमेरिका पर आरोप लगते रहे हैं कि वह क्यूबा में सरकार बदलवाना चाहता है ताकि वहां लोकतांत्रिक शासन आए. इसका मतलब सीधा कब्जा करना नहीं, बल्कि राजनीतिक दबाव बनाना है. अमेरिका ने क्यूबा पर लंबे समय से आर्थिक प्रतिबंध लगाए हुए हैं, जिससे हालात बिगड़ चुके हैं. 2021 के विरोध प्रदर्शनों के बाद राष्ट्रपति डियाज कैनल की लोकप्रियता घटी है. देश में खाद्य संकट, बिजली की समस्या और महंगाई बढ़ रही है. हालांकि क्यूबा सरकार ने साफ किया है कि देश की राजनीतिक व्यवस्था या राष्ट्रपति पद में बदलाव अमेरिका के साथ किसी भी बातचीत का हिस्सा नहीं है.

About the Author

authorimg

Prateeti Pandey

News18 में इंटरनेशनल डेस्क पर कार्यरत हैं. टीवी पत्रकारिता का भी अनुभव है और इससे पहले Zee Media Ltd. में कार्य किया. डिजिटल वीडियो प्रोडक्शन की जानकारी है. टीवी पत्रकारिता के दौरान कला-साहित्य के साथ-साथ अंतरर…और पढ़ें



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

spot_imgspot_img