छोटी इलायची को जब आप चाय, खीर, सेवई, पुलाव, बिरयानी, हलवा या किसी भी पकवान में डालते हैं तो न सिर्फ खुशबू दोगुना हो जाती है, बल्कि स्वाद भी बढ़ जाता है. छोटी इलायची सभी के किचन मसालों में आमतौर पर मौजूद रहती ही है. गर्मियों में भी छोटी इलायची का सेवन काफी फायदेमंद है. बढ़ते तापमान में काफी लोगों को पेट संबंधित समस्याएं शुरू हो जाती हैं. छोटी इलायची में मौजूद पोषक तत्व पेट की समस्याओं को दूर रखते हैं, साथ ही कई बीमारियों को भी दूर रख सकती है. कुछ लोगों को गर्मियों के दिनों में मुंह में छाले भी काफी होते हैं. दरअसल, अधिक तला-भुना, मसालेदार चीजों के सेवन से भी कई बार पेट में गर्मी बढ़ जाती है, जिससे मुंह में छाले हो जाते हैं. इन तमाम परेशानियों से आप छुटकारा पा सकते हैं, यदि हर दिन एक छोटी इलायची चबाकर खाएं.
छोटी इलायची खाने के फायदे
-आयुर्वेद में इलायची को औषधीय गुणों का खजाना माना जाता है. यह न सिर्फ खाने का स्वाद और खुशबू बढ़ाती है, बल्कि गर्मी में होने वाली परेशानियों से भी राहत दिलाती है. आयुष मंत्रालय के अनुसार, रोजाना एक छोटी इलायची खाने से अपच, एसिडिटी और मुंह के छालों से बचा जा सकता है.
-खाना खाने के बाद एक इलायची चबाने से माउथ फ्रेशनर की तरह ये काम करती है. प्याज खाने के बाद मुंह से प्याज की स्मेल दूर करने के लिए भी आप छोटी इलायची खा सकते हैं.
-यदि आपको एसिडिटी की समस्या लगातार बनी रहती है तो आप इलायची जरूर खाएं. इससे एसिडिटी कंट्रोल हो जाती है. खट्टी डकार, सीने में जलन, भारीपन जैसी कॉमन समस्याएं भी दूर हो सकती हैं.
-गर्मी के दिनों में लोग धूप से आकर ठंडा पानी पी लेते हैं, जिससे गला खराब हो जाता है. गले में खराश, खांसी या आवाज बैठ जाती है. ऐसे में 1-2 इलायची धीरे-धीरे चबाकर उसका रस गले से नीचे जाने दें. कुछ ही देर में गले को आराम महसूस होगा.
-गर्मियों में मुंह के छालों से भी अधिकतर लोग परेशान रहते हैं. इलायची को मिश्री के साथ मिलाकर चबाने से छालों में जलन और दर्द कम होता है. हिचकी आए तो आप इलायची खाएं. हिचकी रोकने में बहुत कारगर है.
-इलायची मुंह के संक्रमण और बैक्टीरिया को भी दूर करती है. आप खाना खाने के बाद एक इलायची चबाएं. मुंह से दुर्गंध नहीं आएगी. दांत भी मजबूत और स्वस्थ रहेंगे. छोटी इलायची में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण सूजन और संक्रमण दूर करते हैं.
छोटी इलायची खाने का तरीका
इलायची का सेवन आप कई तरह से कर सकते हैं. इसे खाना खाने के बाद माउथ फ्रेशनर के रूप में चबाकर खा सकते हैं. चाय में डाल सकते हैं. दूध में भी इलायची का पाउडर डालकर पी सकते हैं. इससे गर्मियों में शरीर को ठंडक प्राप्त होगी. पाचन तंत्र मजबूत रहेगा. तनाव दूर होगा. आप गर्मियों में हर दिन एक से दो इलायची चबाकर खा सकते हैं. इससे पेट, गले और मुंह की कई समस्याएं दूर हो सकती हैं.





