डोंगरगढ़: श्री दिगंबर जैन समाज के तत्वावधान में भगवान महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। तीन दिन से प्रति भोर 6 बजे भक्तों ने भजन-कीर्तन के साथ प्रभात फेरी निकाली।

आज, 30 मार्च 2026 को सुबह 7 बजे भगवान का अभिषेक, पूजन और मंगल आरती हुई। उसके बाद 9 बजे भव्य शोभा यात्रा गाजे-बाजे और छत्तीसगढ़ गौरव निखिल जैन के मधुर भजनों के साथ श्री दिगंबर जैन मंदिर से निकली।

भक्त नाचते-गाते बुधवारी, रेलवे चौक, जय स्तंभ चौक और गोल बाजार होते हुए मंदिर लौटे। रास्ते भर रंगोली, आरती और श्रीफल से भगवान की अगवानी हुई। शोभा यात्रा के बाद मंदिर में फिर अभिषेक-आरती हुई और जैन भवन बूटी बड़ा में सामूहिक भोज आयोजित किया गया।

इस मौके पर शोभा बैग हाउस, हैप्पी कलेक्शन और सिंघई बुक डिपो ने भंडारा, छाछ और शरबत बांटा। जागृति महिला मंडल ने वृद्धाश्रम और अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किए।

समाज के अध्यक्ष अनिल जैन, कोषाध्यक्ष जय कुमार जैन और सचिव सुरेश चंद जैन ने सभी को धन्यवाद दिया। भगवान महावीर की अहिंसा का संदेश देने वाली यह शोभा यात्रा बुधवारी से रेलवे चौक मार्ग से निकली, जहां मटन मार्केट और चिकन विक्रेताओं की ज्यादातर दुकानें बंद रहीं।
लेकिन बल्ला चिकन शॉप और चिकन सेंटर पूरी तरह खुले थे, जो शासन-प्रशासन के नियमों की खुली अवहेलना है। इससे जैन समाज में क्षोभ है और कार्यवाही न होने से भविष्य में गंभीर मुद्दा बन सकता है।
यह जानकारी निशात जैन उर्फ निशु ने दी। डोंगरगढ़ से और अपडेट रहेंगे।





