डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ लोधी समाज के प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता, जिला कांग्रेस कमेटी राजनंदगांव (ग्रामीण) के नवनियुक्त सचिव विष्णु लोधी ने बुधवार को छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से आत्मीय सौजन्य भेंट कर उनका स्नेह एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान संगठनात्मक मजबूती, वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
इस अवसर पर भूपेश बघेल ने कांग्रेस पार्टी में सक्रिय भूमिका निभा रहे विष्णु लोधी को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे राजनंदगांव जिले में संगठन को नई ऊर्जा एवं मजबूती प्रदान करेंगे। विष्णु लोधी ने कहा कि जिला सचिव के रूप में दायित्व मिलने के पश्चात यह मुलाकात उनके लिए ऊर्जा, प्रेरणा एवं नई जिम्मेदारियों का बोध कराने वाली रही।
उन्होंने कहा कि वे संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, कार्यकर्ताओं को संगठित एवं सक्रिय करने तथा किसानों, युवाओं और आमजन के अधिकारों की लड़ाई को और तेज करने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। विष्णु लोधी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस कार्यकर्ता अब हर स्तर पर जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाएंगे और जनता के विश्वास को और सुदृढ़ करेंगे।





