Last Updated:
अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ फैसले को रद्द कर दिया, जिसके बाद उन्होंने सेक्शन 122 के तहत 10 फीसदी वैश्विक टैरिफ लगाने का ऐलान किया. प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रंप ने भारत के साथ व्यापार समझौते को बरकरार बताया. उन्होंने पीएम मोदी की तारीफ की और भारत-पाक तनाव रोकने का भी दावा किया.
ट्रंप ने की पीएम मोदी की तारीफ
ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर तारीफ करते हुए कहा कि मोदी एक मजबूत और स्मार्ट नेता हैं. उनके मुताबिक जब अमेरिका के साथ व्यापार की बातचीत चल रही थी, तब मोदी ने अपने देश के हितों को ध्यान में रखते हुए मजबूती से पक्ष रखा. ट्रंप ने यह भी कहा कि अब स्थिति पहले जैसी नहीं है और व्यापार संतुलन में बदलाव आया है. इसके साथ ही ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने 8 युद्ध रोके, जिनमें भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव भी शामिल है. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच हालात इतने गंभीर हो गए थे कि मामला परमाणु टकराव तक पहुंच सकता था, लेकिन उनकी पहल से स्थिति संभली. ट्रंप ने यह भी कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने बोर्ड ऑफ पीस की मीटिंग में उन्हें धन्यवाद देते हुए कहा कि समय पर दखल से 3.5 करोड़ो में लोगों की जान बच सकी. हालांकि भारत ट्रंप के दावों को नकार चुका है.
रिश्तों में उतार-चढ़ाव के बाद भारत से समझौता
हाल ही में अमेरिका ने भारत की ओर से रूस से सस्ता तेल खरीदने पर 25 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ लगा दिया था. इससे कुल टैरिफ 50 फीसदी तक पहुंच गया था. लेकिन कुछ दिनों बाद दोनों देशों के बीच एक अंतरिम व्यापार समझौता हुआ, जिसके बाद टैरिफ घटाकर 18 फीसदी कर दिया गया. अमेरिकी प्रशासन की ओर से कहा गया कि भारत ने सीधे या परोक्ष रूप से रूस से तेल आयात बंद करने की प्रतिबद्धता जताई है और आगे चलकर अमेरिकी ऊर्जा उत्पाद खरीदने की भी बात कही है.
रूस से तेल पर क्या बोले ट्रंप?
ट्रंप ने दावा किया कि भारत ने उनके अनुरोध पर रूस से तेल खरीद ‘काफी हद तक कम’ कर दी. उन्होंने कहा कि दुनिया में एक भयानक युद्ध चल रहा है, जिसमें हर महीने हजारों लोग मारे जा रहे हैं, और अमेरिका चाहता है कि यह टकराव खत्म हो. हालांकि भारत की ओर से इस दावे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.
ट्रंप को अदालत से झटका
इसी बीच अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप की पहले वाली व्यापक टैरिफ नीति को अवैध करार दिया है. अदालत ने कहा कि राष्ट्रपति को एकतरफा तरीके से सभी देशों पर व्यापक टैरिफ लगाने का अधिकार नहीं है. इसके बावजूद ट्रंप ने नई घोषणा करते हुए सेक्शन 122 के तहत 10 फीसदी वैश्विक टैरिफ लगाने का ऐलान किया है, जो 150 दिनों तक लागू रह सकता है. इसके बाद इसे जारी रखने के लिए कांग्रेस की मंजूरी जरूरी होगी.
About the Author

योगेंद्र मिश्र ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म में ग्रेजुएशन किया है. 2017 से वह मीडिया में जुड़े हुए हैं. न्यूज नेशन, टीवी 9 भारतवर्ष और नवभारत टाइम्स में अपनी सेवाएं देने के बाद अब News18 हिंदी के इंटरने…और पढ़ें





