जिम में जाकर आपको भी लगता है डर? आखिर इसकी क्या है वजह, जिम एंजायटी से कैसे पाएं छुटकारा


Last Updated:

Gym Anxiety Causes: जिम जॉइन करने वाले अधिकतर लोग शुरुआत में एंजायटी महसूस करते हैं. ऐसा अक्सर नए माहौल, मशीनों की जानकारी न होने या दूसरों के सामने असहज महसूस करने के कारण होता है. इससे निपटने के लिए वर्कआउट की पहले से योजना बनाना, ट्रेनर की मदद लेना और छोटे लक्ष्यों से शुरुआत करना प्रभावी साबित होता है. अगर जिम जाना बहुत मुश्किल लगे, तो घर पर वर्कआउट या आउटडोर एक्टिविटी जैसे विकल्प भी अपनाए जा सकते हैं.

Zoom

जिम में एंजायटी से बचने के लिए वर्कआउट के दौरान ट्रेनर की मदद लेनी चाहिए.

Tips To Get Rid of Gym Anxiety: फिटनेस को लेकर लोगों में गजब का क्रेज देखने को मिल रहा है. बड़ी संख्या में लोग सुबह-शाम जिम में जाकर वर्कआउट कर रहे हैं. आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में फिट रहना हर किसी की जरूरत बन गया है. कई लोग जिम जॉइन कर लेते हैं, लेकिन वहां वर्कआउट करने में अनकंफर्टेबल महसूस करते हैं. तमाम लोग जिम में एंजायटी से जूझते हैं और उन्हें अजीब सा डर लगने लगता है. क्या आपने कभी जिम के दरवाजे पर खड़े होकर घबराहट महसूस की है या भारी मशीनों और वहां मौजूद फिट लोगों को देखकर खुद को कमतर आंका है? अगर हां, तो आप अकेले नहीं हैं. यह एक कॉमन समस्या है और कुछ आसान तरीकों से इससे छुटकारा भी पाया जा सकता है.

सेहत से जुड़ी प्रमाणिक जानकारी देने वाली वेबसाइट हेल्थलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक एक्सरसाइज न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है, बल्कि मानसिक सुकून के लिए भी जरूरी है. इसलिए जिम से जुड़े डर को पहचानना और उससे निपटने के तरीके सीखना बेहद जरूरी है. जिम में घबराहट होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं. अगर आप पहली बार जिम जा रहे हैं, तो अनजान मशीनों और माहौल को देखकर घबराहट होना स्वाभाविक है. इसे सिचुएशनल एंजायटी कहते हैं. पुराने जिम को छोड़कर नए स्थान पर जाने पर वहां के रास्तों, लॉकर रूम और मशीनों की जगह का पता न होना तनाव पैदा कर सकता है.

कई बार हम जिम में कोई मशीन इस्तेमाल करना चाहते हैं, लेकिन उसकी सेटिंग समझ नहीं आती. दूसरों के सामने मजाक बनने के डर से हम अक्सर उस मशीन का उपयोग ही छोड़ देते हैं. पब्लिक लॉकर रूम में भी असहजता महसूस होती है. कपड़ों को दूसरों के सामने बदलना कई लोगों के लिए काफी असहज और शर्मिंदगी भरा अनुभव हो सकता है. इसके अलावा वजन उठाना या कोई नया वर्कआउट शुरू करते समय यह डर सताता है कि क्या मैं सही तरीके से वर्कआउट कर रहा हूं. ये सभी बातें एंजायटी पैदा कर देती हैं. कई लोग एंजायटी के कारण जिम जाना छोड़ देते हैं और फिटनेस रूटीन बिगाड़ लेते हैं.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

जिम में एंजायटी और डर को दूर किया जा सकता है. इसके लिए जिम में जाकर चीजों से बारे में पूरी जानकारी जुटाएं. पहले जिम की वेबसाइट देखें, वहां का दौरा करें और स्टाफ से बात करें. माहौल से परिचित होने पर डर कम हो जाता है. पहले ही दिन भारी वर्कआउट का लक्ष्य न रखें. केवल 15 मिनट कार्डियो या स्ट्रेचिंग करें और घर लौट आएं. धीरे-धीरे अपना समय बढ़ाएं. कम से कम एक सेशन के लिए पर्सनल ट्रेनर हायर करें. वे आपको मशीनों का सही इस्तेमाल और सही पोस्चर सिखाएंगे, जिससे आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा.

एक अनुभवी दोस्त या परिवार के सदस्य के साथ जिम जाना आपको मानसिक सहारा देता है और आप अकेलेपन या डर को भूलकर वर्कआउट पर ध्यान दे पाते हैं. अगर आप सामाजिक रूप से घबराते हैं, तो ग्रुप क्लास आपके लिए अच्छी हो सकती है. वहां इंस्ट्रक्टर को फॉलो करना आसान होता है और आप कम्यूनिटी का हिस्सा महसूस करते हैं. इसके अलावा आप जिम जाने से पहले ही तय कर लें कि आपको कौन सी एक्सरसाइज किस क्रम में करनी है. इससे आप वहां पहुंचकर भ्रमित नहीं होंगे. घबराहट होने पर गहरी सांस लें. अपनी नकारात्मक सोच को बदलें. यह सोचने के बजाय कि लोग मुझे देख रहे हैं, यह सोचें कि हर कोई अपनी एक्सरसाइज में व्यस्त है और मैं यहां अपनी सेहत के लिए आया हूं.

अगर आपकी एंजायटी बहुत ज्यादा है और जिम जाने से डर लगता है, तो आप कुछ अन्य विकल्पों को चुन सकते हैं. यूट्यूब या फिटनेस ऐप्स की मदद से बिना किसी उपकरण के भी घर पर एक्सरसाइज की जा सकती है. पार्क में टहलना, दौड़ना, साइकिल चलाना या तैराकी करना भी बेहतरीन विकल्प हैं. बड़े और भीड़भाड़ वाले जिम के बजाय किसी छोटे और शांत जिम को चुनें. याद रखें जिम में मौजूद हर व्यक्ति कभी न कभी बिगिनर था. आपकी सेहत सबसे ऊपर है और आपको वहां होने का पूरा हक है. अगर इन सब कोशिशों के बाद भी आपकी घबराहट कम नहीं हो रही है और यह आपके रोजमर्रा के जीवन को प्रभावित कर रही है, तो किसी थेरेपिस्ट या विशेषज्ञ से सलाह लेना एक बेहतर है.

About the Author

authorimg

अमित उपाध्याय

अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img