Last Updated:
coconut water vs sugarcane juice : मार्च लगभग बीतने को है. अप्रैल में चिलचिलाती गर्मी का कहर होना तय है. गर्मी आते ही पेय पदार्थों की मांग बढ़ जाती है. सड़क किनारे नारियल का पहाड़ खड़ा होने लगता है. लोग नारियल पानी खूब पीने लगते हैं. दूसरी ओर गर्मी के मौसम में गन्ने का जूस भी बेहद लोकप्रिय हो जाता है. ठंडा-मीठा गन्ने का रस हो या ठेले पर सजे हरे नारियल, दोनों ही हमें अपनी ओर खींचते हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि सेहत के नजरिए से इन दोनों में से कौन सा ड्रिंक ‘नंबर वन’ है? जहा एक तरफ नारियल पानी इलेक्ट्रोलाइट्स का खजाना है, वहीं गन्ने का रस इंस्टेंट एनर्जी देता है. लेकिन दोनों में बेस्ट कौन है. आइए जानते हैं.
गर्मी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है, ऐसे में लोग थकान दूर करने, शरीर को ठंडा रखने और गर्मी से राहत पाने के लिए अलग-अलग चीजों की तरफ ध्यान दे रहे हैं. ज्यादातर लोग गर्मियों में नारियल पानी और गन्ने का जूस पीते हैं. सिर्फ गर्मियों में ही नहीं, साल के कई महीनों में इन्हें पीने से भी कई फायदे मिलते हैं, ये बात जानकार लोग जानते हैं. इस लेख में हम देखेंगे कि गर्मियों में इन दोनों में से कौन सा ज्यादा अच्छा है.

गर्मियों में गन्ने का जूस पीने के फायदे: गर्मियों में गन्ने का जूस पीने के कई फायदे होते हैं. यह पूरी तरह से प्राकृतिक पेय है, जिसे पीते ही शरीर को तुरंत ऊर्जा मिलती है और थकान दूर हो जाती है. इसमें मौजूद प्राकृतिक शुगर शरीर को ठंडक देती है और डिहाइड्रेशन से बचाती है. गन्ने का जूस शरीर में मौजूद हानिकारक टॉक्सिन्स को बाहर निकालने में मदद करता है, जिससे खून साफ होता है और त्वचा भी बेहतर बनती है. यह लिवर को स्वस्थ रखने में सहायक है और पाचन को भी सुधारता है. नियमित मात्रा में इसका सेवन शरीर को ताजगी और स्फूर्ति देता है.

खासकर गर्मियों में गन्ने का जूस पीना शरीर को ठंडक देने में मदद करता है और इससे हीट स्ट्रोक का खतरा कम होता है. गन्ने के जूस में मौजूद प्राकृतिक तत्व हमारी त्वचा को चमकदार और शरीर को हाइड्रेटेड रखने में मदद करते हैं. इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स इम्यूनिटी बढ़ाने और गर्मियों में होने वाले संक्रमण से बचाने में भी मदद करते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

गर्मी के मौसम में नारियल पानी पीने के फायदे: जब तेज धूप होती है, तब नारियल पानी पीने से हमारे शरीर में पानी की कमी नहीं होती. यह हमारे पाचन को भी बेहतर बनाता है और एसिडिटी की समस्या को कम करता है. खासकर सुबह खाली पेट नारियल पानी पीने से वजन कंट्रोल करने में मदद मिलती है, क्योंकि इसमें कैलोरी कम होती है. इसके अलावा, नारियल पानी ब्लड प्रेशर को भी कंट्रोल में रखने में मदद करता है.

गर्मियों में नारियल पानी या गन्ने का जूस, इनमें से कौन सा बेहतर है.? दोनों ही गर्मी के मौसम में हमें कई फायदे देते हैं. इसलिए अपनी जरूरत के हिसाब से इनमें से किसी एक को चुनकर आप पी सकते हैं. या फिर दोनों को बदल-बदल कर भी पी सकते हैं. हर व्यक्ति का शरीर अलग-अलग तरह का होता है. अगर शरीर में मैग्नीशियम, सोडियम और पोटैशियम का बैलेंस गड़बड़ है तो नारियल पानी बेस्ट है.

अगर आपको तुरंत एनर्जी चाहिए तो आप गन्ने का जूस पी सकते हैं. अगर आप अपने शरीर को हाइड्रेटेड रखना चाहते हैं तो नारियल पानी पी सकते हैं. डायबिटीज के मरीज अगर नारियल पानी पिएंगे तो उनकी शुगर कंट्रोल में रहेगी. वहीं गन्ने के जूस में ज्यादा शुगर होती है, इसलिए इसे कम मात्रा में पिएंगे तो गर्मी से राहत मिलेगी. (डिस्क्लेमर: यह लेख लोगों की मान्यताओं और इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर दिया गया है. News18 ने इसकी पुष्टि नहीं की है. इसे पूरी तरह सच मानने के लिए कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है.)





