प्रदेश भर में दूसरे स्थान पर बेगूसराय की नाहिद सुल्ताना ने 489 अंक के साथ 97.8 प्रतिशत लाए हैं। इसी तरह तीसरे स्थान पर यूसीसी माध्यमिक विद्यालय, बक्सर की अनूपा कुमारी और बेगूसराय के ओम कुमार हैं, जिन्होंने 488 नंबर के साथ 97.6 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। इसी तरह चौथे स्थान पर संयुक्त रूप से तीन परीक्षार्थी पहुंचे हैं। समस्तीपुर जेपी हाई स्कूल, नरहन, समस्तीपुर की ज्योति कुमारी, बांका के अनुभव कुमार और पूर्णिया के अंश राज ने 487 अंक प्राप्त किए हैं।
बेगूसराय की प्रेरणा कुमारी, भोजपुर की नसरीन परवीन, बेगूसराय के अभनिष कुमार, कैमूर के विकास कुमार गुप्ता और सहरसा के रूपेश कुमार ने 486 अंक लाकर संयुक्त रूप से प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल किया है। इस तरह देखा जाए तो इस बार टॉप -पांच में 13 विद्यार्थियों ने अपनी जगह बनाई है। पूरी टॉप-10 की सूची में कुल 139 विद्यार्थियों के नाम दर्ज हैं। इस बार की परीक्षा में उत्तीर्ण परीक्षार्थियों में छात्राओं की संख्या भी अधिक है।
इससे पहले सोमवार को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) द्वारा आयोजित 12वीं यानी इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणाम जारी किए गए थे। 12वीं में 85.19 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने सफलता हासिल की है। इस बार तीनों संकायों के 26 टॉपरों में 19 लड़कियां शामिल थीं।





