ईरान ने कुवैती तेल रिफाइनरी पर हमला किया, इजराइल ने तेहरान पर की बमबारी
ईरान ने शुक्रवार तड़के कुवैत की एक तेल रिफाइनरी पर ड्रोन से हमला किया और इजराइल में हमलों की चेतावनी के रूप में सायरन बजने लगे। वहीं, फारसी नववर्ष के अवसर पर तेहरान में इजराइली हमलों से भयावह विस्फोटों की आवाज सुनाई दी।
वैश्विक अर्थव्यवस्था को हिला देने वाला यह युद्ध तीसरे सप्ताह के अंत के करीब पहुंच गया है और ईरान खाड़ी क्षेत्र की ऊर्जा संरचना पर अपने हमलों में कोई कमी करता नहीं दिख रहा। कुवैत ने कहा कि मीना अल-अहमदी तेल रिफाइनरी पर सिलसिलेवार ढंग से दो बार हुए ड्रोन हमलों के कारण आग लग गई और दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के लिए काम कर रहे हैं।
यह रिफाइनरी बृहस्पतिवार को ईरान के एक अन्य हमले में पहले ही क्षतिग्रस्त हो चुकी थी, जिसकी क्षमता प्रतिदिन लगभग 7,30,000 बैरल तेल शोधित करने की है। यह फारस की खाड़ी में स्थित छोटे एवं तेल-समृद्ध राष्ट्र कुवैत में स्थित तीन तेल रिफाइनरियों में से एक है।
फारस की खाड़ी स्थित ईरान के विशाल साउथ पार्स अपतटीय प्राकृतिक गैस क्षेत्र पर बुधवार को इजराइल द्वारा बमबारी किए जाने के बाद ईरान ने खाड़ी अरब देशों में ऊर्जा ठिकानों पर अपने हमले तेज कर दिए।
इजराइली सेना द्वारा ईरानी मिसाइल दिखने की चेतावनी जारी किए जाने के बाद यरुशलम में भी जोरदार धमाके सुने गए।
ईरान के नए सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई ने एक दुर्लभ बयान में कहा कि ईरान के दुश्मनों को मिट्टी में मिलाने की जरूरत है।
मोजतबा खामेनेई युद्ध के पहले दिन इजराइल के हमले में मारे गए अपने पिता, 86 वर्षीय अयातुल्ला अली खामेनेई की जगह लिए जाने के बाद से नज़र नहीं आए हैं।
उनकी यह टिप्पणी उनकी ओर से राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान को भेजे गए एक बयान में आई। उन्होंने यह टिप्पणी इजराइल द्वारा इस सप्ताह की शुरुआत में ईरान के खुफिया मंत्री इस्माइल खतीब को मार दिए जाने के बाद की।
दुबई भारी विस्फोटों से तब दहल गया जब शहर में लोग रमजान महीने के समापन का त्योहार ईद अल-फितर मना रहे थे और जब मस्जिदों में दिन की पहली नमाज अदा की गई।
बहरीन के गृह मंत्रालय ने कहा कि रोके गए एक हवाई अस्त्र के छर्रे एक गोदाम पर गिरने के बाद आग लग गई। वहीं, सऊदी अरब ने कहा कि उसने देश के तेल-समृद्ध पूर्वी प्रांत को निशाना बनाने वाले कई ड्रोन को मार गिराया।





