सेहत के लिए वरदान है पान का पत्ता! सिरदर्द से लेकर कब्ज तक राहत, डॉक्टर ने बताया इस्तेमाल का देसी तरीका


खंडवा. ‘खइके पान बनारस वाला’ अमिताभ बच्चन का यह गाना तो आपने जरूर सुना होगा. बनारस का पान अपने स्वाद के लिए दुनियाभर में मशहूर है लेकिन क्या आप जानते हैं कि यही पान का पत्ता आपकी सेहत के लिए भी किसी औषधि से कम नहीं है. जी हां, पान सिर्फ मुंह का स्वाद बढ़ाने तक सीमित नहीं है बल्कि इसमें ऐसे कई गुण पाए जाते हैं, जो शरीर की कई छोटी-बड़ी परेशानियों को दूर करने में मदद करते हैं. पान के पत्तों में एंटीऑक्सीडेंट, कैल्शियम, विटामिन सी और आयरन जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर को मजबूत बनाने के साथ-साथ रोगों से लड़ने की ताकत भी देते हैं. यही वजह है कि पुराने समय से दादी-नानी के नुस्खों में पान के पत्तों का खास स्थान रहा है.

खंडवा निवासी डॉक्टर अनिल पटेल लोकल 18 को बताते हैं कि आज भी जब लोगों को हल्की-फुल्की स्वास्थ्य समस्या होती है, तो वे दवाइयों से पहले घरेलू उपायों पर भरोसा करते हैं. पान का पत्ता भी ऐसा ही एक आसान और असरदार उपाय है, जिसका सही तरीके से इस्तेमाल करने पर कई समस्याओं में राहत मिल सकती है.

सर्दी-खांसी और सीने की जकड़न में राहत
बदलते मौसम में सर्दी-खांसी होना आम बात है. ऐसे में पान के पत्तों पर थोड़ा सा सरसों या तिल का तेल लगाकर हल्का गर्म करें और छाती पर रखकर सिंकाई करें. इससे जमा हुआ कफ ढीला होता है और सांस लेने में राहत मिलती है. वहीं पान के पत्ते का रस शहद के साथ लेने से पुरानी खांसी में भी फायदा मिलता है.

सिरदर्द में देता है तुरंत आराम
गर्मी के मौसम में सिरदर्द की समस्या काफी बढ़ जाती है. ऐसे में पान के पत्तों को पीसकर उसका लेप माथे पर लगाने या ठंडे पत्ते को माथे पर रखने से ठंडक मिलती है और दर्द में राहत मिलती है. यह एक आसान और तुरंत असर करने वाला घरेलू उपाय माना जाता है.

पाचन और कब्ज में कारगर
खाने के बाद पान खाने की परंपरा सिर्फ स्वाद के लिए नहीं है बल्कि यह पाचन क्रिया को भी बेहतर बनाती है. पान चबाने से लार का स्राव बढ़ता है, जिससे खाना जल्दी पचता है. वहीं सुबह खाली पेट पान का पत्ता चबाने से कब्ज की समस्या में भी राहत मिल सकती है.

मुंह की बदबू और मसूड़ों की समस्या
अगर मुंह से बदबू आती है या मसूड़ों में सूजन रहती है, तो पान के पत्तों को पानी में उबालकर उससे कुल्ला करना फायदेमंद होता है. इससे बैक्टीरिया कम होते हैं और मुंह की दुर्गंध दूर होती है.

त्वचा के लिए भी फायदेमंद
पान के पत्तों का पेस्ट बनाकर चेहरे पर लगाने से मुंहासे, सूजन और त्वचा संक्रमण में राहत मिल सकती है. इसमें मौजूद एंटीसेप्टिक गुण त्वचा को साफ और स्वस्थ रखने में मदद करते हैं.

डॉक्टरों का कहना है कि ये सभी नुस्खे पारंपरिक अनुभव पर आधारित हैं लेकिन किसी गंभीर समस्या में डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए. सही तरीके से और सीमित मात्रा में इस्तेमाल करने पर पान का पत्ता वाकई आपकी सेहत के लिए एक प्राकृतिक वरदान साबित हो सकता है.



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img