13 की उम्र में घर से अस्तबल में घोड़ा देखने निकली, 45 की उम्र में घर पहुंची क्रिस्टीना, आखिर 32 साल कहां रही


Girl Found After 32 Year: वक्त की धूल जब किसी याद पर जम जाती है, तो अक्सर दुनिया उसे भुला देती है. लेकिन एक परिवार के लिए वह 32 साल कुछ पल की तरह निकला. 1994 की दोपहर को पॉज हुआ समय 32 साल बाद 2026 में रिज्यूम हुआ. क्योंकि 32 साल पहले गायब हुई 13 साल की बेटी 2026 में पुलिस को मिली है. एरिजोना के स्टार वैली की रहने वाली क्रिस्टीना मैरी प्लांटे 13 साल की उम्र में लापता हुई थी, अब 45 साल की उम्र में जीवित मिली हैं.

मई 1994, खिली हुई धूप और नीली आंखों और सुनहरे बालों वाली क्रिस्टीना ने अपनी मां से कहा था कि वह घर के पास वाले अस्तबल में अपने पसंदीदा घोड़े को देखने जा रही है. उसने सफेद टी-शर्ट, रंगीन शॉर्ट्स और काले जूते पहने थे. वह गई तो थी चंद मिनटों के लिए, लेकिन उन चंद मिनटों को वापस लौटने में 32 साल यानी 11,680 दिन लगा दिए.

नीली आंखों वाली लड़की गायब

क्रिस्टीना जब वापस नहीं लौटी, तो पूरे शहर में हड़कंप मच गया. उसकी नीली आंखों और मासूमियत वाले ‘मिसिंग’ पोस्टर सड़कों पर चिपकाए गए. नेशनल डेटाबेस में उसका नाम दर्ज हुआ, लेकिन नतीजा सिफर रहा. पुलिस ने इसे संदिग्ध अपहरण माना, पर कोई सुराग हाथ नहीं लगा.

32 साल का सन्नाटा और तकनीक का कमाल

दशकों बीत गए, जांच अधिकारी बदल गए, फाइलें पीली पड़ गईं, लेकिन जिला काउंटी शेरिफ कार्यालय ने इस केस को कभी बंद नहीं किया. बुधवार को शेरिफ कार्यालय ने एक ऐतिहासिक घोषणा की. उन्होंने बताया कि क्रिस्टीना मैरी प्लांटे जीवित हैं और उनकी पहचान हो गई है. अधिकारियों के मुताबिक, यह सफलता टेक्नोलॉजी के एडवांसमेंट और अचानक मिले एक नए सुराग की वजह से मिली. हालांकि, क्रिस्टीना इन 32 सालों तक कहां थी, वह किस हाल में थी और उसे किसने रोका था, इन सवालों के जवाब नहीं मिले हैं. पुलिस ने कहा कि क्रिस्टीना की प्राइवेसी और उसके मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए फिलहाल ज्यादा जानकारी साझा नहीं की जा सकती.

भावुक कर देने वाली वापसी

जरा सोचिए, जो लड़की 13 साल की उम्र में एक बच्ची के रूप में ओझल हुई थी, वह जब 45 साल की परिपक्व महिला बनकर सामने आई होगी, तो उसके परिवार पर क्या गुजरी होगी? वह बचपन जो कहीं खो गया था, वह खिलौने जो धूल फांक रहे थे और वह घोड़ा जो शायद अब इस दुनिया में न हो, क्रिस्टीना के लिए दुनिया पूरी तरह बदल चुकी है. एक स्थानीय पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह सिर्फ एक केस सॉल्व होना नहीं है, यह टूटी हुई उम्मीदों के दोबारा जिंदा होने की कहानी है.

कुछ अनसुलझे सवाल

  • क्या वह किसी के कब्जे में थी?
  • क्या उसने खुद अपनी पहचान छिपाई थी?
  • क्या वह किसी और शहर में नई पहचान के साथ रह रही थी?

इन सवालों के जवाब भविष्य में मिल सकते हैं, लेकिन फिलहाल सबसे बड़ी राहत यही है कि वह मासूम ‘क्रिस्टीना’ अब सुरक्षित है. 32 साल बाद ही सही, स्टार वैली की वह बेटी आखिरकार अपने घर के पते पर लौट आई है.



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

spot_imgspot_img