बॉलीवुड इंडस्ट्री में अक्सर ऐसे मौके आते हैं, जब कलाकारों को न सिर्फ अपने काम के लिए, बल्कि निजी जिंदगी से जुड़े मामलों को लेकर भी आलोचना का सामना करना पड़ता है। हाल ही में एक अवॉर्ड शो के दौरान कुछ ऐसा ही हुआ, जब मशहूर अभिनेता राजपाल यादव को लेकर एक टिप्पणी की गई, जिसने विवाद खड़ा कर दिया।
इस पूरे मामले में बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान खुलकर राजपाल यादव के समर्थन में सामने आए। उन्होंने न सिर्फ उनके काम की तारीफ की, बल्कि उन्हें हिम्मत भी दी कि वह इन बातों को नजरअंदाज कर आगे बढ़ें।
सलमान खान ने मंगलवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबा पोस्ट साझा किया। इस पोस्ट में उन्होंने राजपाल यादव के करीब 30 साल लंबे करियर की सराहना की।
सलमान खान ने लिखा, ”राजपाल भाई, आप 30 साल से काम कर रहे हैं और हम सबने आपको बार-बार फिल्मों में इसलिए कास्ट किया है, क्योंकि आप अपना काम अच्छी तरह जानते हैं, एक वैल्यू लाते हैं।”
सलमान ने पोस्ट में आगे लिखा, ”काम तो आपको बहुत मिलेगा और इसी डॉलर रेट पर काम मिलेगा और मिलता रहेगा, ये हकीकत है। यह याद रखना कि कभी-कभी फ्लो में कुछ निकल आता है, अगर इस पर ध्यान नहीं है तो दिमाग में रखो, दिल से काम करो, डॉलर ऊपर हो या नीचे, क्या फर्क पड़ता है। देना तो इंडिया में ही है।”





