Last Updated:
टेक्सास की राजधानी ऑस्टिन के बफर्ड्स बीयर गार्डन में रविवार सुबह हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई और 14 घायल हो गए. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में संदिग्ध हमलावर को मार गिराया है. आपातकालीन सेवाओं ने महज 57 सेकंड में मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां तीन की हालत गंभीर बनी हुई है. मेयर किर्क वॉटसन ने सुरक्षा बलों की मुस्तैदी की तारीफ की है.
पुलिस ने शख्स को मौत के घाट उतार दिया. (File PHoto)
अमेरिका के टेक्सास राज्य की राजधानी ऑस्टिन से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. शहर के एक व्यस्त इलाके में स्थित एक लोकप्रिय बीयर गार्डन में हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई है जबकि 14 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हमलावर भी मारा गया है. ऑस्टिन पुलिस प्रमुख लिसा डेविस ने रविवार सुबह एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि शहर के फेमस इंटरटेनमेंट वाले इलाके में स्थित ‘बफर्ड्स’ नामक बीयर गार्डन में एक शख्स द्वारा गोलीबारी किए जाने की सूचना मिली थी. चश्मदीदों के अनुसार, जब हमलावर ने बंदूक निकाली,तो वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई. जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची उनका सामना हथियारबंद संदिग्ध से हुआ. पुलिस प्रमुख डेविस के अनुसार अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जवाबी फायरिंग की जिसमें संदिग्ध हमलावर मारा गया.
57 सेकंड में पहुंची मदद
ईएमएस (EMS) प्रमुख रॉबर्ट लक्रीट्ज़ ने घटना की भयावहता की पुष्टि करते हुए बताया कि घटनास्थल पर तीन लोग मारे गए. इसके अलावा 14 घायल लोगां को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया. लक्रीट्ज़ ने चेतावनी दी कि घायलों में से तीन की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है. इस दुखद घटना के बीच राहत की बात यह रही कि बचाव दल ने बेहद तेजी दिखाई. लक्रीट्ज़ ने कहा, “हमें रात 1:39 बजे कॉल मिली और मात्र 57 सेकंड के भीतर पहले पैरामेडिक्स और अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे और मरीजों का इलाज शुरू कर दिया था.” ऑस्टिन के मेयर किर्क वॉटसन ने पुलिस और बचाव दल की इस त्वरित प्रतिक्रिया की जमकर सराहना की है.
सवाल-जवाब
टेक्सास के ऑस्टिन में गोलीबारी की घटना कहाँ हुई?
यह गोलीबारी ऑस्टिन के मनोरंजन जिले (Entertainment District) में स्थित ‘बफर्ड्स’ (Buford’s) नामक एक लोकप्रिय बीयर गार्डन में हुई.
इस घटना में कुल कितने लोग हताहत हुए हैं?
इस हमले में 3 लोगों की मौत हुई है और 14 अन्य घायल हुए हैं, जिनमें से 3 की हालत नाजुक है. पुलिस की गोली से हमलावर भी मारा गया है.
पुलिस और एम्बुलेंस को घटनास्थल पर पहुँचने में कितना समय लगा?
सूचना मिलने के मात्र 57 सेकंड के भीतर पहली पुलिस टीम और पैरामेडिक्स घटनास्थल पर पहुँच गए थे.
About the Author

पत्रकारिता में 14 साल से भी लंबे वक्त से सक्रिय हूं. साल 2010 में दैनिक भास्कर अखबार से करियर की शुरुआत करने के बाद नई दुनिया, दैनिक जागरण और पंजाब केसरी में एक रिपोर्टर के तौर पर काम किया. इस दौरान क्राइम और…और पढ़ें





