अगर आप पहली बार फ्लाइट से सफर करने जा रहे हैं, तो आपके मन में एयरपोर्ट और हवाई यात्रा को लेकर कई सवाल हो सकते हैं. टिकट बुक करने के बाद एयरपोर्ट पर क्या करना होता है? एंट्री कैसे मिलती है? सामान कहां जमा करना होता है और फ्लाइट में बैठने से पहले कितनी जांच होती है? दरअसल, पहली बार हवाई यात्रा करने वालों के लिए एयरपोर्ट का माहौल थोड़ा उलझन भरा हो सकता है. लेकिन अगर आपको पूरा प्रोसेस पता है, तो आप बिना किसी परेशानी के अपनी यात्रा शुरू कर सकते हैं. आइए जानते हैं एयरपोर्ट पहुंचने से लेकर फ्लाइट में बैठने तक का पूरा तरीका.
एयरपोर्ट पहुंचने से पहले रखें ये जरूरी चीजें
फ्लाइट में सफर करने से पहले अपने टिकट और ID कार्ड को जरूर अपने पास रखें, जैसे आधार कार्ड, पासपोर्ट, वोटर आईडी या कोई भी ऐसे डॉक्यूमेंट जो सरकारी पहचान पत्र की तरह इस्तेमाल किए जा सकते हैं. टिकट पर अपना नाम, फ्लाइट नंबर, उड़ान का समय और टर्मिनल की जानकारी जरूर चेक करें. कोशिश करें कि घरेलू फ्लाइट के लिए कम से कम 2 घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंच जाएं. वहीं, इंटरनेशनल फ्लाइट के लिए करीब 3 घंटे पहले पहुंचना बेहतर रहता है.
एयरपोर्ट में एंट्री कैसे मिलेगी?
एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सबसे पहले अपने टर्मिनल के डिपार्चर गेट पर जाएं. यहां सुरक्षाकर्मी आपसे फ्लाइट टिकट और पहचान पत्र दिखाने के लिए कहेंगे. दोनों डॉक्यूमेंट की जांच होने के बाद आपको एयरपोर्ट के अंदर प्रवेश मिल जाएगा. ध्यान रखें कि एयरपोर्ट के अलग-अलग टर्मिनल हो सकते हैं, इसलिए घर से निकलने से पहले सही टर्मिनल की जानकारी जरूर लें.
चेक-इन और बैगेज ड्रॉप का प्रोसेस समझें
एयरपोर्ट के अंदर जाने के बाद अपनी एयरलाइन के चेक-इन काउंटर पर पहुंचें. यहां टिकट और पहचान पत्र दिखाने के बाद आपके सामान का वजन किया जाएगा. अगर आपके पास चेक-इन बैगेज है, तो उसे काउंटर पर जमा करना होगा. इसके बाद आपको बोर्डिंग पास मिलेगा, जिसमें आपकी सीट नंबर, गेट नंबर और बोर्डिंग टाइम जैसी जानकारी होती है. अगर आपने वेब चेक-इन कर लिया है, तो भी चेक-इन बैगेज होने पर बैगेज ड्रॉप काउंटर पर जाना पड़ सकता है.
सिक्योरिटी चेक से गुजरना होगा
चेक-इन के बाद आपको सिक्योरिटी चेक से गुजरना होगा. यहां हैंड बैगेज को एक्स-रे मशीन से स्कैन किया जाता है. आपको मोबाइल, लैपटॉप, बेल्ट और जेब में रखी धातु की चीजें अलग ट्रे में रखने के लिए कहा जा सकता है. इसके बाद सुरक्षाकर्मी आपकी व्यक्तिगत जांच करेंगे. जांच पूरी होने के बाद आप डिपार्चर एरिया में जा सकते हैं.
बोर्डिंग गेट पर पहुंचें
सिक्योरिटी चेक के बाद अपने बोर्डिंग पास पर लिखे गेट नंबर को देखें. एयरपोर्ट पर लगी डिजिटल स्क्रीन पर भी अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करते रहें. बोर्डिंग शुरू होने से पहले गेट पर पहुंचना जरूरी है, क्योंकि तय समय पर बोर्डिंग गेट बंद हो सकता है.
फ्लाइट में बैठने का आखिरी स्टेप
बोर्डिंग शुरू होने पर एयरलाइन कर्मचारी आपका बोर्डिंग पास स्कैन करेंगे. इसके बाद आप विमान में प्रवेश कर सकते हैं. अंदर जाकर अपनी सीट नंबर देखें और हैंड बैगेज को ऊपर बने केबिन में या सामने वाली सीट के नीचे रखें. अपनी सीट बेल्ट बांधें और क्रू मेंबर्स के सुरक्षा निर्देशों का पालन करें.




