Last Updated:
Karoline Leavitt: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 28 साल की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट महीने के आखिर में पद छोड़ेंगी. ट्रंप ने कहा कि वह परिवार को ज्यादा समय देने के लिए व्हाइट हाउस से विदाई ले रही हैं. हालांकि, लेविट ट्रंप की शीर्ष बाहरी सलाहकारों में शामिल रहेंगी. वह व्हाइट हाउस की सबसे कम उम्र की प्रेस सचिव बनी थीं.
ट्रंप की सबसे खास कैरोलिन लेविट ने पद छोड़ दिया है. (Reuters)
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सबसे वफादारों में से एक प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट अब व्हाइट हाउस में नजर नहीं आएंगी. ट्रंप ने बुधवार को सोशल मीडिया पर ऐलान किया कि 28 साल की लेविट महीने के आखिर में अपना पद छोड़ देंगी. हालांकि, यह विदाई पूरी तरह राजनीतिक दूरी वाली नहीं होगी. ट्रंप ने कहा है कि लेविट आगे उनकी शीर्ष बाहरी सलाहकारों में शामिल रहेंगी और आने वाले मिडटर्म चुनावों से पहले रिपब्लिकन पार्टी के भीतर एक प्रभावशाली आवाज बनी रहेंगी. ट्रंप की टीम के साथ राष्ट्रपति चुनाव अभियान से लेकर व्हाइट हाउस तक कदम से कदम मिलाकर चलने वाली लेविट राष्ट्रपति की बेहद वफादार चेहरों में गिनी जाती रही हैं. अब उन्होंने परिवार को ज्यादा वक्त देने के लिए यह जिम्मेदारी छोड़ने का फैसला किया है.
केरोलिन लेविट.
मां बनने के बाद बदली प्राथमिकता
कैरोलिन लेविट ने अपने पद से हटने की वजह खुद भी साफ की है. उन्होंने कहा कि प्रेस सचिव रहते मां बनना और एक नए बच्चे का स्वागत करना उनकी जिंदगी का सबसे सुखद, लेकिन सबसे चुनौतीपूर्ण दौर रहा है. लेविट ने कहा, ‘अपनी बेटी के जन्म के बाद जब मैं दोबारा व्हाइट हाउस लौटी, तब मुझे दिल से महसूस हुआ कि प्रेस सचिव की जिम्मेदारी के लिए जितना लगातार समय, ऊर्जा और ध्यान देना पड़ता है, उतना देते हुए मैं अपने दो छोटे बच्चों के लिए वह सबसे अच्छी मां नहीं बन सकती, जिसके वे हकदार हैं.’ व्हाइट हाउस से जब इस फैसले पर प्रतिक्रिया मांगी गई तो प्रशासन ने लेविट और ट्रंप के बयानों की ओर इशारा किया.
ट्रंप ने दी नई जिम्मेदारी
ट्रंप ने अपने ऐलान में कहा कि लेविट अब उनकी शीर्ष बाहरी सलाहकारों में शामिल होंगी. इसके साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि मध्यावधि चुनावों के दौरान लेविट रिपब्लिकन पार्टी के लिए अहम भूमिका निभा सकती हैं. यानी व्हाइट हाउस के प्रेस कक्ष से लेविट की कुर्सी जरूर छूट रही है, लेकिन ट्रंप की राजनीतिक टीम से उनका रिश्ता खत्म नहीं होगा.
About the Author

Yogendra Mishra holds a degree in Journalism from the University of Allahabad. He has been actively associated with the media industry since 2017 and brings extensive experience across various domains of journa…
और पढ़ें




