- Hindi News
- National
- Lok Sabha Election 2024 Result; Voting Phases, Modi Rahul Mamata Rallies, And Counting Process
5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए 16 मार्च से शुरू हुआ चुनाव प्रचार, 75 दिन चला। 19 अप्रैल से 1 जून तक सात फेज में वोटिंग हुई। चुनाव की यह प्रोसेस कुल 43 दिन तक चली। अब 4 जून को पिछले 80 दिनों का इंतजार खत्म होगा।
इस बार कुल 8360 उम्मीदवारों ने चुनाव में अपनी किस्मत आजमाई है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म के मुताबिक, 1333 नेशनल पार्टी से, 532 स्टेट पार्टी से, 2580 गैर मान्यता प्राप्त पार्टी से और 3915 निर्दलीय उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा। 2019 में 7928 और 2014 में 8205 चुनाव लड़ा था।
751 पार्टियों ने अपने कैंडिडेट उतारे थे। 2019 में ये आकंड़ा 677 और 2014 में 464 था। 543 सीटों पर सबसे ज्यादा बसपा के 487, BJP के 440, कांग्रेस के 327 और CPI-M के 52 उम्मीदवार मैदान में थे।
कल नतीजे आने हैं, इससे पहले जानिए काउंटिंग प्रोसेस क्या होगी। रिजल्ट कब तक आएगा। साथ ही पढ़िए 80 दिनों के दौरान क्या-क्या बयानबाजी हुई। चर्चित चेहरे और मुद्दे कौन से थे।
लेकिन सबसे पहले 2024 एग्जिट पोल के नतीजे …

लोकसभा चुनाव के नतीजे से पहले एग्जिट पोल्स में PM मोदी तीसरी बार हैट्रिक लगाते नजर आ रहे हैं। एक पोल में तो NDA 400 के पार तक पहुंच रही है। 13 एग्जिट पोल के पोल ऑफ पोल्स में NDA को 365 और INDIA को 145 सीटों का अनुमान है। अन्य को 32 सीटें मिल सकती हैं। इस बार भाजपा 2019 में मिली 303 सीटों का आंकड़ा पार कर सकती है। पूरी खबर पढ़ें…
2019 और 2024 में हुए सातों फेज के वोटर टर्नआउट की तुलना
लोकसभा चुनाव 2019 में भी सात चरण में चुनाव हुए थे, लेकिन 2024 के 7 में से 5 चरणों में पिछली बार की तुलना में वोटिंग 4% तक घटी है। जिन 2 चरणों में वोटिंग प्रतिशत बढ़ा है, वहां 1% से कम का अंतर है।

क्या होगी काउंटिंग की प्रोसेस
चुनाव आयोग के मुताबिक 4 जून को काउंटिंग प्रोसेस सुबह 8 बजे शुरू होगी। सबसे पहले पोस्टल बैलट की गिनती होगी। इसके बाद EVM के वोट गिने जाएंगे। पोस्टल बैलट 2 कैटेगरी में काउंट होंगे। पहले सेना, पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों और ऑफिसर्स के वोट काउंट होंगे।
सेकेंड कैटेगरी में चुनाव ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों, अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों के पोस्टल बैलट काउंट होंगे। इन सभी पोस्टल बैलट वोट को सबसे आखिर में EVM के वोट के साथ जोड़ा जाएगा। आंध्र प्रदेश और ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिए भी काउंटिंग 4 जून को सुबह आठ बजे शुरू होगी। विधानसभा बाय इलेक्शन के लिए गिनती इसी दिन होगी।
फाइनल रिजल्ट कब तक आएगा
काउंटिंग शुरु होने के शुरुआती 4 घंटों के बाद यानी दोपहर 12 बजे तक रुझान आने शुरू होंगे। करीब 2 बजे से नतीजे आने शुरू हो जाएंगे। EVM के वीवीपैट से मिलान, वीवीपैट पर्ची काउंटिंग और पोस्टल बैलट जोड़ने के बाद फाइनल रिजल्ट शाम 6 बजे तक घोषित होने की संभावना है।
किस पार्टी ने कितनी रैली कीं
2024 के लोकसभा चुनाव में पीएम मोदी ने सबसे ज्यादा 206 रैलियां और रोड शो किए। 80 इंटरव्यू दिए। 2019 में उन्होंने 145 चुनावी कार्यक्रम किए थ। वहीं, गृहमंत्री अमित शाह ने 118 रैलियां और रोड शो किए हैं। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 88 रैलियां और रोड शो किए हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 107, प्रियंका गांधी ने 108 रैलियां और रोड समेत बाकी चुनावी कार्यक्रम किए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 100 से ज्यादा इवेंट में हिस्सा लिया।
लोकसभा चुनाव के चर्चित चेहरे, जिनकी साख दांव पर…

अब बात उन बयानों की जो सुर्खियों में रहे…
चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही बयानवीर भी एक्टिव हो गए थे। इस बार चुनाव में नए-नए शब्द सुनाई दिए। PM मोदी ने कांग्रेस, TMC, बीजद पर जमकर निशाना साधा। उनके बयानों में वोट जिहाद, मुजरा, घुसपैठिए जैसे शब्द थे।
वहीं, राहुल गांधी ने खटाखट, दिल्ली वाले अंकल जैसे शब्दों को अपने भाषणों में रखा। इन बयानों के चलते अभिजीत, सुरेजवाला और केसीआर पर 48 घंटे का चुनाव प्रचार बैन भी लगा।
अभिजीत गंगोपाध्याय- ममता से पूछा था कितने में बिक रही हैं
कलकत्ता हाईकोर्ट के पूर्व जज और तामलुक से भाजपा कैंडिडेट अभिजीत गंगोपाध्याय ने 15 मई को बंगाल के हल्दिया में कहा था- ‘मैं सोच रहा हूं कि ममता कितने रुपए में बिक रही हैं। 10 लाख रुपए? मुझे हैरानी होती है वे महिला हैं भी या नहीं।’ चुनाव आयोग ने इसे पर्सनल अटैक मानते हुए अभिजीत के चुनाव प्रचार पर 24 घंटे के लिए प्रचार से बैन लगाया था।
पीएम मोदी – लालू की पार्टी को लालटेन लेकर मुजरा करने वाली जमात कहा
बिहार के पाटलिपुत्र में 25 मई को जनसभा के दौरान पीएम ने कहा था मोदी ने कहा कि ये जो लालटेन लेकर मुजरा करने वाली जमात है, ये बिहारियों के अपमान के बाद भी कांग्रेस के चरण चूम रही है। कांग्रेस के खिलाफ एक शब्द भी बोलने को तैयार नहीं है। RJD में हिम्मत नहीं कि वो बिहारियों के अपमान पर कांग्रेस को एक भी शब्द बोल पाए।
पीएम मोदी- मंगलसूत्र छीनकर, ज्यादा बच्चे वालों में बांट देंगे
बांसवाड़ा में पीएम मोदी ने कहा था वे आपके मंगलसूत्र को भी नहीं छोड़ेंगे। कांग्रेस का घोषणापत्र कहता है कि वे आपके सोने के बारे में जानकारी करेंगे, आपकी प्रॉपर्टी को उन लोगों में बांटा जाएगा, जिनके ज्यादा बच्चे हैं। ये घुसपैठियों को बांटा जाएगा। हालांकि इस बयान के बाद चुनाव आयोग ने जेपी नड्डा को शोकॉज नोटिस जारी करके जवाब मांगा था।
केसीआर- कांग्रेस कार्यकर्ताओं की तुलना कुत्तों से की थी
बीआरएस अध्यक्ष केसीआर ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की तुलना आवारा कुत्तों से की थी। इसे लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग में शिकायत की थी। आयोग ने केसीआर पर 48 घंटे तक प्रचार करने से बैन लगा दिया था। केसीआर ने अपने बचाव में कहा था कि उनके शब्दों को तोड़-मरोड़कर समझा गया।
अजय राय- PM पत्नी को साथ नहीं रखते
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने महिला शक्ति संवाद कार्यक्रम में कहा था कि जो व्यक्ति अपनी पत्नी को नहीं रख सका उसका महिला शक्ति संवाद करना बेमानी है। अजय राय ने प्रधानमंत्री मोदी को बेहद डरा हुआ और हारा हुआ प्रत्याशी भी बताया था। उन्होंने कहा की बनारस के लोग भोले-भाले होते हैं और मोदी जी उन्हें ठगने का काम किया है।
नवनीत राणा- 15 सेकंड पुलिस हटा लो, पता नहीं लगेगा ओवैसी भाई कहां गए
महाराष्ट्र के अमरावती से भाजपा सांसद नवनीत कौर राणा ने 8 मई को AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और उनके छोटे भाई अकबरुद्दीन पर बयान दिया। नवनीत राणा ने कहा कि अगर हैदराबाद में 15 सेकेंड के लिए पुलिस हटी तो पता नहीं चलेगा कि दोनों भाई कहां गए। राणा का यह बयान अकबरुद्दीन की 2013 में दी गई स्पीच का जवाब माना जा रहा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर 15 मिनट के लिए पुलिस हटा दी जाए तो हम 25 करोड़ (मुसलमान) 100 करोड़ हिंदुओं को खत्म कर देंगे।
नाना पटोले ने योगी को कहा- रावण ने भी भगवा पहनकर सीता हरण किया था
महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा कि सीता जी का हरण करने वाला रावण भी भगवा पहनकर आया था। उन्होंने आगे कहा कि वह अपने आप को संत बताते हैं और भगवा कपड़े पहनते हैं। भगवा पहनकर गलत नीतियों का समर्थन करना गलत है।
संबित पात्रा- भगवान जगन्नाथ मोदी के भक्त
ओडिशा के पुरी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार संबित पात्रा ने एक न्यूज चैनल से बात करते हुए कहा था कि भगवान जगन्नाथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भक्त हैं। पात्रा के बयान पर ओडिशा के CM नवीन पटनायक, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी समेत कई बड़े नेताओं ने आपत्ति जताई। इसके बाद पात्रा ने माफी मांग ली।
अधीर रंजन चौधरी- ममता पर भरोसा नहीं, वे गठबंधन छोड़कर भागी थीं
तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी के लोकसभा चुनाव के बाद इंडिया ब्लॉक को समर्थन देने के बयान पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा था कि उन्हें ममता पर भरोसा नहीं है। अधीर रंजन ने कहा- ममता गठबंधन छोड़कर भागी थीं, ममता ने गठबंधन तोड़ा था। अब कांग्रेस सत्ता में आ रही है इसलिए ममता ने लाइन लगाना शुरू कर दिया है।
सैम पित्रोदा- भारत में विरासत टैक्स लगाने पर बहस होनी चाहिए
कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने कहा था कि भारत में विरासत टैक्स लगाने पर बहस होनी चाहिए। अमेरिका में विरासत टैक्स लगता है। अगर किसी के पास 10 करोड़ डॉलर की संपत्ति है। उसके मरने के बाद 45% संपत्ति उसके बच्चों को मिलती है, जबकि 55% पर सरकार का मालिकाना हक हो जाता है। इसके बाद कांग्रेस ने सैम के बयान से खुद को किनारा कर लिया था।
सैम पित्रोदा- भारत में ईस्ट वाले चीनी, साउथ वाले अफ्रीकन दिखते हैं
कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने कहा था कि भारत में ईस्ट वाले चीनी, साउथ वाले अफ्रीकन दिखते हैं। सैम के इस बयान से भी कांग्रेस ने किनारा कर लिया था। कांग्रेस ने कहा था कि भारत की विविधता की ये परिभाषा मंजूर नहीं है। यह गलत है। इसके बाद सैम ने ओवरसीज कांग्रेस पद से इस्तीफा दे दिया था।
फारूक अब्दुल्ला- पाकिस्तान ने चूड़ियां नहीं पहनी
जम्मू-कश्मीर के पूर्व CM फारूक अब्दुल्ला ने कहा था कि पाकिस्तान ने चूड़ियां नहीं पहन रखी हैं और उसके पास परमाणु बम भी हैं जो हम पर गिरेंगे। उनकी ये टिप्पणी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के ‘POK का भारत में विलय होगा’ के बयान पर आई थी।
मुद्दे- जो पूरे चुनाव में छाए रहे
धर्म के आधार पर आरक्षण
मोदी ने मुस्लिम आरक्षण को लेकर कांग्रेस पर ज्यादातर चुनावी सभाओं में जमकर निशाना साधा। टोंक में कहा था- साल 2004 में कांग्रेस ने सबसे पहले आंध्र प्रदेश में SC-ST के आरक्षण में कमी करके मुसलमानों को रिजर्वेशन देने की कोशिश की। यह एक पायलट प्रोजेक्ट था। इसे बाद में पूरे देश में लागू करने की प्लानिंग थी, लेकिन मंसूबे कामयाब नहीं हो सके। यह मुद्दा सातों फेज के चुनाव प्रचार में छाया रहा।
पीएम मोदी का कन्याकुमारी में ध्यान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 मई की शाम करीब 6 बजे से कन्याकुमारी के विवेकानंद रॉक मेमोरियल में ध्यान करने पहुंचे। तमिलनाडु कांग्रेस ने इस आयोजन को आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए मद्रास हाईकोर्ट में याचिका दायर की। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि PM अपने पद का दुरुपयोग कर रहे हैं। साथ ही ध्यान के जरिए अप्रत्यक्ष रूप से वोटर्स को प्रभावित कर रहे हैं।
अग्निवीर योजना – कांग्रेस जीती तो इसे खत्म कर देगी
राहुल गांधी तीनों सेनाओं में भर्ती के लिए लाई गई अग्निवीर योजना पर शुरुआत से हमलावर रहे। उन्होंने 14 मई को झांसी में कहा था-‘केंद्र में सरकार बनते ही अग्निवीर योजना को कूड़ेदान में डाल देंगे। एक जवान को शहीद का दर्जा, पेंशन और दूसरे को नहीं, ऐसी योजना नहीं चाहिए।’ कांग्रेस ने अपने मैनिफेस्टो में भी वादा किया है कि अग्निवीर योजना खत्म कर सेनाओं में पुराने तरीके से भर्तियां की जाएंगी। लोकसभा चुनाव में अग्निवीर का मुद्दा कम चर्चा में रहा, लेकिन सेना में भर्ती की आस लगाए बैठे युवाओं के लिए ये अब भी बड़ा मसला है।

मोदी की उम्र और उत्तराधिकारी
जेल से चुनाव प्रचार के लिए जमानत पर आए दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने मोदी की उम्र और उत्तराधिकारी का मुद्दा छेड़ दिया। केजरीवाल ने कहा 12 मई को कहा था- ‘अगले साल मोदी 75 साल के हो जाएंगे। उनके रिटायरमेंट का भाजपा नेताओं ने खंडन किया है। प्रधानमंत्री चुप हैं, उन्हें अपने उत्तराधिकारी का नाम बताना चाहिए। क्या यह नियम सिर्फ आडवाणी या अन्य कुछ नेताओं के लिए था।’
प्राण प्रतिष्ठा समारोह से विपक्ष का किनारा
22 जनवरी को अयोध्या में रामलला का प्राण प्रतिष्ठा समारोह हुआ, लेकिन विपक्ष का कोई भी नेता इस समारोह में शामिल नहीं हुआ। विपक्ष ने समारोह के टाइमिंग को लेकर सवाल उठाया। इसके बाद प्रचार के दौरान PM मोदी ने कहा- विपक्ष कहता था कि राम मंदिर बनेगा तो आग लग जाएगी, दंगे होंगे। देखिए मंदिर बन गया है। कुछ नहीं हुआ, कहीं कोई आग नहीं लगी। अब विपक्ष के हाथ से मुद्दा चला गया, वे सोच रहे हैं कि जनता को डराएंगे कैसे।
पश्चिम बंगाल में CAA-UCC को लेकर TMC का विरोध
केंद्र सरकार ने 11 मार्च 2024 को CAA देशभर में लागू किया था। ममता बनर्जी ने अप्रैल में कई बार कहा था कि समान नागरिक संहिता स्वीकार्य नहीं है। मैं सभी धर्मों में सद्भाव चाहती हूं। आपकी सुरक्षा चाहती हूं। भाजपा नेताओं ने कहा कि ममता बनर्जी इसे रोक नहीं पाएंगी। 15 मई को CAA के तहत पहली बार 14 लोगों को भारत की नागरिकता दी गई थी।
ओडिशा में नवीन पटनायक की गिरती सेहत

ये तस्वीर सोशल मीडिया पर 28 मई को सामने आई। इसमें पांडियन ओडिशा CM का हाथ छिपाते कैमरे में कैद हो गए।
PM मोदी ने बुधवार 28 मई को ओडिशा के मयूरभंज जिले में जनसभा में कहा कि पिछले एक साल में नवीन बाबू की तबीयत इतनी कैसे बिगड़ी गई। सालों से उनके करीब रहे लोग जब मुझसे मिलते हैं, तो उनकी सेहत की चर्चा करते हैं। वे बताते हैं कि नवीन बाबू अब खुद से कुछ भी नहीं कर पाते। क्या उनकी तबीयत खराब होने के पीछे कोई षड्यंत्र है। उधर, CM पटनायक ने कहा, ‘मैं ठीक हूं, अगर मेरी तबीयत के बारे में पीएम इतना चिंतित थे तो मुझे फोन लगाकर पूछ लेते।’
बिहार में मटन-मछली और मुजरा
बिहार के पूर्व डिप्टी CM तेजस्वी यादव ने एक वीडियो शेयर किया था जिसमें वे और उनके साथ VIP सुप्रीमो मुकेश सहनी मछली खाते हुए नजर आ रहे थे। हालांकि उन्होंने अपने पोस्ट में यह लिखा था कि यह वीडियो नवरात्रि शुरू होने के पहले का है।इसे लेकर PM मोदी ने कहा था कि कुछ लोग मुगलों की तरह सावन-नवरात्रि में मटन का वीडियो डालकर चिढ़ाते हैं। इस पर राहुल गांधी ने कहा था मछली तेजस्वी ने खाई, लेकिन कांटा PM को लगा।
विपक्ष का जातीय जनगणना का वादा
विपक्षी पार्टियां प्रचार के दौरान जातिगत जनगणना और जातियों के हिसाब से हिस्सेदारी की मांग कर रही थी। राहुल गांधी हर रैली में यह मुद्दा उठा रहे थे। इसका काउंटर करते हुए PM मोदी ने गरीबों को देश की सबसे बड़ी जाति बताते हुए उन्हीं की सबसे ज्यादा हिस्सेदारी की बात कही। PM ने कहा- गरीब, महिला, युवा और किसान को नई जातियां बताकर जाति की परंपरागत सियासत को बदलने की रणनीति तैयार की है।
5 साल 5 पीएम वाला इंडी गठबंधन
प्रधानमंत्री समेत सभी BJP के नेताओं ने INDIA ब्लॉक का 5 साल 5 पीएम की बात चुनावी सभाओं में रखकर जमकर मजाक उड़ाया। पीएम ने कई सभाओं में कहा – इनकी योजना 5 साल में 5 पीएम देने की है। ये 5 पीएम के दावेदार कौन-कौन हैं। गांधी परिवार का बेटा, सपा परिवार का बेटा, NCP वाले परिवार की बेटी, आप पार्टी के आका की पत्नी, नकली शिवसेना परिवार का बेटा। ये सारे परिवारवाद मिलकर पीएम की कुर्सी पर म्यूजिकल चेयर खेलना चाहते हैं।
2024 लोकसभा चुनाव के इंटरेस्टिंग फैक्ट
- इस बार 121 असाक्षर (बिना पढ़े-लिखे) उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा। 3482 ऐसे थे जिनकी शिक्षा 5वीं ज्यादा और 12वीं से कम थीं। 14 ने तो यह बताया ही नहीं कि वे कितने पढ़े-लिखे हैं।
- 11 उम्मीदवार ऐसे थे जिनकी उम्र 80 साल से ज्यादा थी। 2640 उम्मीदवार ऐसे थे जिनकी उम्र 25 से 40 साल के बीच थी।
- कुल 797 महिलाओं ने चुनाव लड़ा, जिनका ओवर ऑल प्रतिशत महज 10% रहा। BJP से 69, कांग्रेस से 41 और BSP से 37 महिला उम्मीदवार चुनाव मैदान में रहीं।
- 324 उम्मीदवार ऐसे थे जो दोबारा सांसद पद के लिए चुनाव मैदान में उतरे थे।
लोकसभा चुनाव 2024 की ताजा खबरें, रैली, बयान, मुद्दे, इंटरव्यू और डीटेल एनालिसिस के लिए दैनिक भास्कर ऐप डाउनलोड करें। 543 सीटों की डीटेल, प्रत्याशी, वोटिंग और ताजा जानकारी एक क्लिक पर।
