डोंगरगढ़ — छत्तीसगढ़ लोधी समाज के प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता विष्णु लोधी ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा केंद्र सरकार द्वारा आज संसद में प्रस्तुत किया गया केंद्रीय बजट आम जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतरने में विफल रहा है।
यह बजट किसान, मजदूर, युवा, महिला एवं मध्यम वर्ग की अनदेखी करते हुए बड़े कॉरपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने वाला साबित हुआ है। यह बजट देश की वास्तविक समस्याओं से मुंह मोड़ने वाला है।
विष्णु लोधी ने कहा कि देश का अन्नदाता आज भी उचित समर्थन मूल्य, कर्ज राहत, सिंचाई एवं लागत मूल्य में कमी की मांग कर रहा है, लेकिन बजट में किसानों के लिए कोई ठोस और भरोसेमंद प्रावधान नहीं किया गया। इसी प्रकार मनरेगा, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे जनकल्याणकारी क्षेत्रों में अपेक्षित बढ़ोतरी न होना सरकार की जनविरोधी सोच को उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक असमानता पर बजट पूरी तरह मौन है। युवाओं के लिए रोजगार सृजन के नाम पर सिर्फ आंकड़ों और घोषणाओं की पुनरावृत्ति की गई है, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है।
विष्णु लोधी ने आरोप लगाया कि यह बजट “आम आदमी का नहीं, बल्कि कॉरपोरेट का बजट” है। इससे साफ हो गया है कि केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं में गरीब, किसान और मजदूर नहीं हैं। कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी बजट का विरोध करती है और जनता के हक़ के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी।
